Header Ads Widget

Responsive Advertisement

Recent Updates

6/recent/ticker-posts

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर एनसीसी कैडेट्स ने वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों का लिया आशीर्वाद

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर एनसीसी कैडेट्स ने वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों का लिया आशीर्वाद
देवास। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, श्री कृष्णाजीराव पवार शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, देवास एवं शासकीय विज्ञान महाविद्यालय देवास की एनसीसी यूनिट्स द्वारा वृद्धाश्रम, देवास का भ्रमण कर वृद्धजनों के साथ आत्मीय संवाद किया गया। यह कार्यक्रम आईक्यूएसी एवं 10 एमपी बटालियन एनसीसी, उज्जैन के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रतन सिंह अनारे के मार्गदर्शन में तथा एनसीसी अधिकारी कैप्टन डॉ. संजय गाडगे के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर सूबेदार मेजर सरबजीत सिंह एवं दिनेश चौधरी, प्रबंधक, वृद्धाश्रम देवास विशेष रूप से उपस्थित रहे। एनसीसी कैडेट्स ने वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनके साथ आत्मीय समय बिताया। कैडेट्स ने वृद्धजनों के जीवन के अनुभवों को सुना और उनके प्रति सम्मान एवं संवेदना व्यक्त की। इस अवसर पर कैडेट्स ने वृद्धजनों का आशीर्वाद भी प्राप्त किया। कैप्टन डॉ संजय सिंह बरौनिया  ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि वृद्धजन हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन के अनुभव और संस्कार युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कैडेट्स से वृद्धजनों के प्रति सम्मान, संवेदना एवं सेवा की भावना बनाए रखने का आह्वान किया। वृद्धाश्रम के प्रबंधक दिनेश चौधरी ने एनसीसी यूनिट द्वारा किए गए इस सेवा कार्य की सराहना की तथा कैडेट्स को वृद्धजनों के साथ समय बिताने और उनकी भावनाओं को समझने के लिए धन्यवाद दिया। एनसीसी अधिकारी कैप्टन डॉ. संजय गाडगे ने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व एवं राष्ट्रसेवा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय संवेदनाओं का विकास करता है। वृद्धाश्रम भ्रमण जैसी गतिविधियां कैडेट्स को समाज के वरिष्ठ नागरिकों के प्रति अपने दायित्वों को समझने का अवसर प्रदान करती हैं। प्राचार्य डॉ. रतन सिंह अनारे ने कहा कि समाज की प्रगति तभी सार्थक है, जब उसमें वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने एनसीसी कैडेट्स द्वारा किए गए इस सेवा कार्य की सराहना की। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स ने सक्रिय सहभागिता करते हुए वृद्धजनों के साथ संवाद किया और भविष्य में भी सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।

Post a Comment

0 Comments

Join Our WhatsApp Group? for latest and breaking news updates...
Click here to join the group...