लाल गेट के राजा की कृपा से जगमगाएगा संपूर्ण एमजी रोड, व्यापारियों के व्यवसाय को मिलेगी नई ऊर्जा - सभापति रवि जैन,,
विधायक के संरक्षण एवं सभापति के संयोजन में संस्था सिद्धिविनायक की ऐतिहासिक पहल,,व्यापारियों की समृद्धि, ग्राहकों की बढ़ती आवाजाही और बाजार की रौनक बढ़ाना आयोजन का प्रमुख उद्देश्य
देवास। शहर के प्रमुख व्यापारिक केंद्र एमजी रोड को व्यापारिक गतिविधियों का और अधिक आकर्षक एवं जीवंत केंद्र बनाने के उद्देश्य से संस्था सिद्धिविनायक द्वारा एक विशेष पहल की जा रही है। लाल गेट के राजा भगवान श्री गणेश की कृपा से संपूर्ण एमजी रोड को भव्य, मनमोहक एवं आकर्षक विद्युत सज्जा से सुसज्जित किया जाएगा। यह आयोजन केवल विद्युत सज्जा तक सीमित नहीं है, बल्कि एमजी रोड के छोटे-बड़े सभी व्यापारियों के हितों, व्यवसाय की वृद्धि और बाजार की आर्थिक मजबूती को समर्पित एक महत्वपूर्ण प्रयास है। विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार के संरक्षण एवं संस्था सिद्धिविनायक के संयोजक, नगर पालिक निगम देवास के सभापति रवि जैन के नेतृत्व में आयोजित इस पहल से एमजी रोड पर उत्सव जैसा वातावरण निर्मित करने का प्रयास किया जाएगा।
व्यापारियों को मिलेगा सीधा लाभ
आकर्षक विद्युत सज्जा से एमजी रोड की सुंदरता और भव्यता बढ़ेगी, जिससे शाम के समय अधिक से अधिक नागरिकों एवं परिवारों के बाजार की ओर आकर्षित होने की उम्मीद है। ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने से कपड़ा, सराफा, किराना, फुटवियर, इलेक्ट्रॉनिक्स, होटल, रेस्टोरेंट सहित विभिन्न व्यवसायों को लाभ मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी। विशेष रूप से छोटे एवं मध्यम व्यापारियों के लिए यह पहल महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। बाजार में चहल-पहल बढ़ने से स्थानीय दुकानदारों को नए ग्राहकों तक पहुंचने, बिक्री बढ़ाने तथा अपने व्यवसाय को नई पहचान देने का अवसर मिलेगा।
व्यापारी मजबूत होगा तो देवास का बाजार मजबूत होगा
संस्था सिद्धिविनायक के संयोजक एवं नगर निगम सभापति रवि जैन ने इस पहल की भावना व्यक्त करते हुए कहा कि एमजी रोड देवास की व्यापारिक पहचान और आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। यहां के व्यापारी शहर की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। व्यापारियों की उन्नति, बाजार की समृद्धि और स्थानीय व्यवसाय को प्रोत्साहन देना इस आयोजन की प्राथमिकता है। इस पहल का उद्देश्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां नागरिक उत्साह के साथ बाजार आएं, स्थानीय दुकानों से खरीदारी करें और व्यापारियों के व्यवसाय को नई गति मिले।
धार्मिक आस्था के साथ व्यापारिक समृद्धि का अनूठा संगम
लाल गेट के राजा के आशीर्वाद से संस्था सिद्धिविनायक का यह प्रयास धार्मिक आस्था, सामाजिक सहभागिता और व्यापारिक हितों को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य करेगा। संस्था का उद्देश्य देवास के प्रमुख बाजार को आकर्षक स्वरूप देने के साथ-साथ स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहित करना और शहर की व्यापारिक पहचान को और अधिक सशक्त बनाना है।
संस्था सिद्धिविनायक का स्पष्ट संदेश है- रोशन होगा एमजी रोड, बढ़ेगी बाजार की रौनक, आएंगे ग्राहक, बढ़ेगा व्यापार और खुशहाल होगा देवास। व्यापारियों की तरक्की ही देवास की तरक्की है।

0 Comments