Header Ads Widget

Responsive Advertisement

Recent Updates

6/recent/ticker-posts

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान: कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने किया देवास विकासखंड का निरीक्षण,,विकास कार्यों की गुणवत्ता परखी, छात्राओं से हल करवाए सवाल, समस्या आने पर खुद पढ़ाया,,आंगनवाड़ी में बच्चों ने सुनाई कविता, कलेक्टर श्री सिंह ने बांटी चॉकलेट, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर किया निराकरण

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान: कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने किया देवास विकासखंड का निरीक्षण,,

विकास कार्यों की गुणवत्ता परखी, छात्राओं से हल करवाए सवाल, समस्या आने पर खुद पढ़ाया,,

आंगनवाड़ी में बच्चों ने सुनाई कविता, कलेक्टर श्री सिंह ने बांटी चॉकलेट, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर किया निराकरण
 देवास: मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने शनिवार को देवास विकासखंड के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर शासकीय संस्थाओं, विकास कार्यों एवं लोक-कल्याणकारी योजनाओं के मैदानी क्रियान्वयन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने, समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने तथा आमजन को मूलभूत सुविधाएं सुगमता से उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश दिए।


शिक्षक की भूमिका में नजर आए कलेक्टर, ब्लैकबोर्ड पर समझाए सवाल
भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह शासकीय माध्यमिक विद्यालय, आगरोद पहुंचे। यहां उन्होंने प्राचार्य से विद्यार्थियों की दर्ज संख्या, शिक्षकों की उपस्थिति और शैक्षणिक व्यवस्थाओं का ब्यौरा लिया। कलेक्टर ने सीधे विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई का स्तर परखा। इस दौरान वे स्वयं शिक्षक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने कक्षा आठवीं की छात्राओं को ब्लैकबोर्ड पर गणित के प्रश्न हल करने को दिए। जब छात्राओं को सवाल हल करने में कठिनाई महसूस हुई, तो कलेक्टर श्री सिंह ने स्वयं चाक उठाकर बोर्ड पर गणित के सवालों को सरल ढंग से समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि एक बेहतर और उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत शिक्षा पर ही टिकी है। प्राचार्य को निर्देश दिए गए कि शाला में शिक्षण गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।

आंगनवाड़ी में बच्चों ने सुनाई कविता, कलेक्टर ने दी चॉकलेट

विद्यालय परिसर में स्थित आंगनवाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नन्हें-मुन्ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया। बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ कविताएं सुनाईं, जिस पर कलेक्टर ने प्रसन्न होकर उन्हें चॉकलेट भेंट कर प्रोत्साहित किया। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से पूरक पोषण आहार के नियमित वितरण एवं बच्चों के पोषण स्तर की जानकारी प्राप्त की। इसके पश्चात उन्होंने रालामंडल स्थित एक औद्योगिक इकाई का भी अवलोकन किया।

पटलावदा-शीलाखेड़ी सड़क निर्माण में गुणवत्ता व समय-सीमा का ध्यान रखने के निर्देश

कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग द्वारा पटलावदा से शीलाखेड़ी तक बनाई जा रही सड़क के निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने गुणवत्ता की जांच करते हुए निर्देश दिए कि ग्रामीणों के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन के लिए निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर तकनीकी मापदंडों के अनुरूप पूरा किया जाए।
पटलावदा में कलेक्टर ने नवनिर्मित पंचायत भवन एवं बाल वाटिका का मुआयना किया तथा सरपंच व ग्रामीणों से पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में उन्हें बैंकिंग कार्यों के लिए मेंढकी धाकड़ जाना पड़ता है, अतः पटलावदा में भी व्यावसायिक बैंक की शाखा खोली जाए। कलेक्टर ने ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से लेते हुए अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक को तत्काल व्यवहार्यता सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पूरी पारदर्शिता एवं तत्परता के साथ पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

Post a Comment

0 Comments

Join Our WhatsApp Group? for latest and breaking news updates...
Click here to join the group...