विश्व मानक दिवस पर ज्वेलरी व्यापारियों और बीआईएस के बीच संवाद,,
हॉलमार्किंग प्रक्रिया एवं व्यापारियों की समस्याओं पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा
देवास। विश्व मानक दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) द्वारा 7 अक्टूबर को होटल रेडिसन ब्लू, इंदौर में जागरूकता कार्यक्रम एवं हितधारक सम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि इंदौर सांसद शंकर लालवानी थे। कार्यक्रम में ज्वेलरी व्यवसाय से जुड़े विभिन्न विषयों, मानकीकरण तथा हॉलमार्किंग प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। कार्यक्रम के दौरान ज्वेलर्स डेवलपमेंट वेलफेयर एसोसिएशन मध्यप्रदेश के अध्यक्ष संजय जैन, देवास का भारतीय मानक ब्यूरो की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। वहीं ज्वेलर्स डेवलपमेंट वेलफेयर एसोसिएशन मध्यप्रदेश की ओर से शंकर लालवानी का स्वागत एवं अभिनंदन उपाध्यक्ष ऋषि सोनी एवं सुदेश चौधरी द्वारा किया गया। इस अवसर पर ज्वेलर्स डेवलपमेंट वेलफेयर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष ऋषि सोनी ने ज्वेलरी व्यापार में हॉलमार्किंग से संबंधित कई महत्वपूर्ण एवं व्यावहारिक प्रश्न भारतीय मानक ब्यूरो के अधिकारियों के समक्ष रखे। उन्होंने व्यापारियों के सामने आने वाली समस्याओं तथा हॉलमार्किंग प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी चाही। बीआईएस अधिकारियों ने प्रश्नों का विस्तार से समाधान करते हुए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई। कार्यक्रम में ज्वेलरी व्यापारियों और भारतीय मानक ब्यूरो के बीच बेहतर समन्वय एवं निरंतर संवाद की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम व्यापारियों को हॉलमार्किंग से जुड़े नियमों एवं प्रक्रियाओं को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा व्यापार में पारदर्शिता और गुणवत्ता को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम में ज्वेलर्स डेवलपमेंट वेलफेयर एसोसिएशन मध्यप्रदेश के अध्यक्ष संजय जैन (देवास), उपाध्यक्ष ऋषि सोनी (देवास), कार्यकारिणी सदस्य अंकित सराफ, संजय सोनी (हरदा), चंद्रशेखर (टिमरनी), सुदेश चौधरी, अभय जैन एवं आशीष सोनी (देवास) सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

0 Comments