देवास। महिला एवं बाल विकास परियोजना देवास दक्षिण के वार्ड 41 में सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री साबिर अहमद सिद्दीकी के निर्देशन एवं सेक्टर पर्यवेक्षक सुश्री दिलशाद शेख के मार्गदर्शन में हुआ।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में पार्षद प्रतिनिधि श्री अजय पडियार, श्री सत्यनारायण माली, श्री मुकेश परमार एवं श्री विकास चौहान उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रधानमंत्री के कार्यकाल के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जन्मदिन से एक माह तक चलने वाले सेवा कार्यक्रमों की जानकारी दी। पूर्व पार्षद श्री यशवंत हरोड़े ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के कार्यों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस बच्चों की विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं, सुरजना का पौधरोपण किया गया तथा महिलाओं से जनकल्याणकारी योजनाओं पर सरल भाषा में संवाद किया गया। बच्चों को फल वितरित किए गए और महिलाओं के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। श्री अजय पडियार द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं का सम्मान कर भेंट प्रदान की गई।
पोषण माह के उपलक्ष्य में पौष्टिक व्यंजन प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें उत्कृष्ट व्यंजन बनाने वाली 3 प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम का संचालन आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती नीतू राठौर ने किया, आभार सेक्टर पर्यवेक्षक सुश्री दिलशाद शेख ने माना। इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अनिता चौहान, अनिता माली, दीपिका विखार, निलोफर शेख, अर्चना तामोड़, नगमा खान सहित सभी सहायिकाओं का सहयोग रहा।

0 Comments