अंतिम विदाई में भी परोपकार: सेवाधाम आश्रम के कर्मयोगी का देहदान, समाज के लिए बने मिसाल
देवास: मानवता की सेवा और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में देवास का अमलतास मेडिकल कॉलेज एक ऐतिहासिक पल का साक्षी बना। सेवाधाम आश्रम (अंकितग्राम) में निवासरत 79 वर्षीय स्व. श्री बाबूलाल का देहदान संकल्प पूरे राजकीय सम्मान के साथ पूर्ण हुआ।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार देहदानियों को सर्वोच्च सम्मान देने के लिए अमलतास मेडिकल कॉलेज में पुलिस विभाग की टुकड़ी द्वारा 'गार्ड ऑफ ऑनर' प्रदान किया गया। इस भावुक क्षण में कॉलेज के डीन डॉ. ए.के. पीठवा, कैम्पस डायरेक्टर डॉ. शरदचन्द्र वानखेड़े, पुलिस बल एवं कर्मचारियों ने नम आंखों से इस महान आत्मा को अंतिम विदाई दी।
यह पुनीत कार्य सेवाधाम आश्रम, ग्राम अम्बोदिया (उज्जैन) के संस्थापक श्री सुधीर भाई गोयल के विशेष प्रयासों से संपन्न हुआ। गोयल जी ने बताया कि आयुष विभाग के निर्देशों और मृतकों की अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए यह देहदान किया गया है। उन्होंने कहा कि यह देहदान न केवल चिकित्सा शोध में मील का पत्थर साबित होगा, बल्कि भविष्य के डॉक्टरों को मानव शरीर की जटिलताओं को समझने में मदद करेगा। देहदान अधिकारी श्री गजानंद चौहान ने प्रक्रिया की जानकारी दी और इसे संपन्न कराया।
अमलतास वेलफेयर सोसायटी के चेयरमैन ने श्री सुधीर भाई गोयल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज को ऐसे महान कार्यों से प्रेरणा लेनी चाहिए। जब कोई व्यक्ति अपनी देह दान करता है, तो वह समाज को जीवन देने वाले नए डॉक्टरों के निर्माण में सर्वोच्च योगदान देता है।

0 Comments