पीएम एक्सीलेंस कॉलेज देवास में एम पी पी एस सी सहायक प्राध्यापक (वनस्पतिशास्त्र) के लिए मॉक इंटरव्यू सम्पन्न
देवास प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, श्री कृष्णाजीराव पवार शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय देवास में आईक्यूऐसी एवं स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में MPPSC सहायक प्राध्यापक (वनस्पतिशास्त्र) परीक्षा के अभ्यर्थियों हेतु विशेष मॉक इंटरव्यू सत्र का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के शुभारंभ पर प्राचार्य डॉ. आर.एस. अनारे ने अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए साक्षात्कार के दौरान तनावमुक्त रहने, सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने और आत्मविश्वास के साथ उत्तर देने का मार्गदर्शन दिया।
मॉक इंटरव्यू हेतु वरिष्ठ प्राध्यापकों एवं विषय विशेषज्ञों का उच्च-स्तरीय पैनल गठित किया गया था। पैनल में चेयरमैन प्रो. सर्वपाल सिंह राणा, डॉ. संजय सिंह बरौनिया, डॉ. संजय गाडगे, डॉ. लीना दुबे, डॉ. संदीप सिंह नागर, श्री राकेश नागर, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर डॉ. निलेश महाजन एवं रोजगार प्रकोष्ठ संयोजक डॉ. निकिता कर्मा शामिल रहे।
पैनल द्वारा अभ्यर्थियों से वनस्पतिशास्त्र के गहन प्रश्नों के साथ-साथ शिक्षण अभिरुचि, समसामयिक विषय, उच्च शिक्षा व्यवस्था, राष्ट्रीय शिक्षा नीति और अध्यापन कौशल पर प्रश्न पूछे गए। प्रत्येक अभ्यर्थी के प्रदर्शन का सूक्ष्म मूल्यांकन कर उन्हें उत्तर देने की शैली, विषय की स्पष्टता और साक्षात्कार के शिष्टाचार को लेकर व्यक्तिगत सुझाव दिए गए।
यह अभ्यास सत्र अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी का वास्तविक मूल्यांकन कर कमियों में सुधार का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करने वाला रहा ,यह जानकारी श्री जितेन्द्र सिंह राजपूत ने दी।

0 Comments