मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान: भैंसुनी में लगा शिविर विधायक श्रीमती गायत्री राजे पवार, प्रमुख सचिव श्री विवेक पोरवाल और कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने किया समस्याओं का त्वरित निराकरण,,
योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता: विधायक श्रीमती पवार,,
टीबी मरीजों को फूड बास्केट, जरूरतमंदों को चश्मे और आयुष्मान कार्ड वितरित
देवास:नागरिकों की समस्याओं का उनके गांव और घर के समीप ही त्वरित समाधान करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से देवास विकासखंड के ग्राम भैंसुनी (विजयागंज मंडी) में ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’ एवं ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार, प्रमुख सचिव खनिज श्री विवेक पोरवाल और कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह ने उपस्थित रहकर नागरिकों से सीधे आवेदन प्राप्त किए तथा उनकी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित कराया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि जो प्रकरण मौके पर निराकृत नहीं हो सके हैं, उन्हें सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज कर आगामी विकासखंड स्तरीय शिविर से पूर्व समय-सीमा में अनिवार्य रूप से हल किया जाए।
*महिलाओं और किसानों का सशक्तीकरण सरकार का ध्येय: विधायक श्रीमती पवार*
विधायक श्रीमती गायत्री राजे पवार ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की प्राथमिकता समाज के हर वर्ग तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास और सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से संपूर्ण प्रशासनिक अमला गांव-गांव पहुंचकर जनता की समस्याएं सुन रहा है। उन्होंने महिलाओं से विशेष आग्रह किया कि वे शिविर में उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क स्वास्थ्य जांच का लाभ अवश्य उठाएं। उन्होंने बताया कि शिविर में गंभीर बीमारियों की जांच के साथ रिपोर्ट मोबाइल पर उपलब्ध कराई जा रही है तथा नेत्र परीक्षण कर निःशुल्क चश्मे दिए जा रहे हैं। विधायक श्रीमती पवार ने कहा कि स्व-सहायता समूहों के जरिए महिलाओं को आत्मनिर्भर व आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने किसानों से भावांतर योजना के तहत चल रहे पंजीयन कार्य में समय पर अपना पंजीयन कराकर लाभ प्राप्त करने की अपील की। महापौर प्रतिनिधि श्री दुर्गेश अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप पूरा प्रशासनिक तंत्र सप्ताह में एक दिन नागरिकों के बीच पहुंच रहा है, जिससे वर्षों से लंबित मामलों का भी त्वरित समाधान हो रहा है।
कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जिले भर के विकासखंडों में चरणबद्ध रूप से शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों का मुख्य ध्येय नागरिकों की समस्याओं का यथासंभव गुणवत्तापूर्ण समाधान करना है। उन्होंने कहा कि जन-विश्वास अभियान के साथ ही सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य परीक्षण की व्यापक व्यवस्था की गई है, ताकि ग्रामीण अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होकर समय पर उपचार पा सकें।
*हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण*
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही हितलाभ प्रदान किए गए। टीबी से पीड़ित मरीजों को पोषण सहायता हेतु फूड बास्केट का वितरण किया गया। नेत्र परीक्षण शिविर में जांच उपरांत दृष्टि दोष से पीड़ित नागरिकों को निःशुल्क चश्मे बांटे गए तथा पात्र हितग्राहियों के नए आयुष्मान कार्ड तैयार कर वितरित किए गए। लाड़ली लक्ष्मी योजना एवं संबल योजना के तहत स्वीकृत हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र सौंपे गए। साथ ही स्वच्छता व्यवस्था में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सफाई मित्रों का विशेष सम्मान भी किया गया। शिविर स्थल पर शासन के विभिन्न विभागों द्वारा सूचनात्मक स्टॉल लगाए गए, जहां अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभों की विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री नवीत कुमार धुर्वे, डीएफओ श्री अमित सिंह, अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

0 Comments