पांच दिवसीय नगर उत्सव का समापन महिलाओं को किया कुमकुम वितरण,,
अन्नकूट में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण की प्रसादी, प्रदेश के आसपास के जिलों से भी पहुंचे भक्त,,14 नवंबर से राशि लौटाने की प्रक्रिया होगी शुरू
देवास। शहर के श्री योगमाया महालक्ष्मी मंदिर में आयोजित पांच दिवसीय नगर उत्सव का श्रद्धा और उल्लास के साथ समापन हुआ। इस आयोजन में देवास सहित प्रदेश के आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर दर्शन एवं पूजन का लाभ लिया। उत्सव के दौरान विधायक श्रीमंत गायत्रीराजे पवार ने भी सहभागिता की। उन्होंने कमल पुष्प से श्री योगमाया का अर्चन कर पूजा-अर्चना की। आयोजन के दौरान मंदिर में मंगलवार को अन्नकूट महोत्सव भी हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। वहीं वर्षभर मंदिर में चलने वाले कुमकुम अर्चन अनुष्ठान में उपयोग किए गए पांच क्विंटल से अधिक कुमकुम का सौभाग्यवती महिलाओं को वितरण किया गया। कुमकुम वितरण के दौरान महिला भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर गोवर्धन पूजा एवं छप्पन भोग का आयोजन किया गया । बुधवार को नगर उत्सव के अंतिम दिन भी श्री योगमाया महालक्ष्मी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और माताजी के श्रृंगार का दर्शन किया। आयोजन के सफल संचालन में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगर निगम का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। प्रशासनिक एवं पुलिस अमले ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन और प्रसादी ग्रहण करने में सुविधा मिली। आयोजन समिति के विमल शर्मा ने बताया कि 14 नवंबर से श्रद्धालुओं की जमा राशि लौटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। आयोजकों ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, यातायात विभाग, नगर निगम, सेवाभावी कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।



0 Comments