जब शहर मना रहा था दीपावली, तब 21 कर्मवीर आग की लपटों के बीच निभा रहे थे अपना फर्ज,,
दूसरों की सुरक्षा के लिए अपनी खुशियां छोड़ीं, देवास पुलिस ने किया सम्मानित
देवास: दीपावली की रात जब पूरा शहर दीपों की रोशनी में त्योहार की खुशियां मना रहा था, तब कुछ कर्मवीर अपनी खुशियों को पीछे छोड़कर दूसरों की सुरक्षा के लिए आग की लपटों के बीच डटे हुए थे। दीपावली की रात देवास शहर में दो अलग-अलग स्थानों पर आगजनी की घटनाएं सामने आईं। सूचना मिलते ही पुलिस एवं विभिन्न विभागों की टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। आपसी समन्वय, तत्परता और सामूहिक प्रयासों से दोनों स्थानों पर समय रहते आग पर काबू पाया गया तथा किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
इस दौरान पुलिस विभाग, नगर निगम फायर स्टेशन, सीआईएसएफ, आईसर कंपनी एवं गेल गैस कंपनी के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ स्थानीय नागरिकों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तीन पत्रकार साथियों ने भी सहयोग प्रदान किया।
साहस, तत्परता, कर्तव्यनिष्ठा और सेवाभाव का परिचय देने वाले इन सभी कर्मवीरों एवं सहयोगियों को देवास पुलिस द्वारा सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में थाना कोतवाली से सहायक उप निरीक्षक ईश्वर मंडलोई, प्रधान आरक्षक 334 मनोज पटेल, थाना नाहर दरवाजा से प्रधान आरक्षक 812 भगवानसिंह राठौर, आरक्षक 833 विकास पटेल, थाना औद्योगिक क्षेत्र से उप निरीक्षक गोविंद सिंह बड़ोलिया, सैनिक 61 तेजसिंह, थाना विजयागंज मंडी से उप निरीक्षक जितेन्द्र यादव (थाना प्रभारी), पुलिस कंट्रोल रूम देवास से प्रधान आरक्षक 778 महेन्द्र रघुवंशी, सीआईएसएफ थाना बीएनपी से प्रधान आरक्षक रामकुमार यादव, आरक्षक घनश्याम यादव, नगर निगम फायर स्टेशन देवास से फायरमैन अजय सोलंकी, फायरमैन प्रतीक शर्मा, आईसर कंपनी देवास से डीसीपीओ राकेश कुमार, डीसीपीओ दिलीप कुमार, गेल गैस कंपनी देवास से फायरमैन मनीष धाकड़ शामिल हैं।
सहयोगी स्थानीय नागरिकों में सन्नी निवासी बड़ा बाजार देवास, अरुण निवासी 2/1 जेल रोड देवास, मनीष निवासी अग्रवाल कोल्ड ड्रिंक्स के पास बहादुर शाह मार्ग देवास तथा पत्रकार साथियों में अमित शर्मा, अमित बागलीकर एवं राशिद कौशर का भी सम्मान किया गया।
देवास पुलिस ने कहा कि दूसरों की सुरक्षा के लिए अपने त्योहार की खुशियों को पीछे छोड़ना केवल कर्तव्य नहीं, बल्कि सेवाभाव और समर्पण की मिसाल है। देवास पुलिस ऐसे सभी कर्मवीरों, सहयोगी संस्थानों, नागरिकों एवं पत्रकार साथियों के साहस और योगदान को हृदय से सलाम करती है।
देवास पुलिस ने आमजन से अपील की है कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा संबंधी सावधानियों का विशेष ध्यान रखें। किसी भी प्रकार की आगजनी अथवा आपात स्थिति में तत्काल पुलिस एवं फायर ब्रिगेड को सूचना दें। आपात सहायता के लिए डायल-112 अथवा देवास पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 7049125083 पर संपर्क करें।



0 Comments