मिलावट पर सख्त एक्शन 4 स्थानो 15 प्रतिष्ठानों की जांच में 12 हजार का मावा-बर्फी जब्त,,
5 दिन में 4.86 लाख का एनालॉग मावा पकड़ा
देवास: दीपावली पर्व को देखते हुए जिले में मिलावट के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान में खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। देवास, टोंकखुर्द, सतवास और हाटपीपल्या में 15 प्रतिष्ठानों की जांच में 25 किलो एनालॉग मावा और 5 किलो मावा बर्फी जब्त की गई। जब्त सामग्री का मूल्य करीब 12 हजार रुपये है।
बार-बार प्रतिबंधित एनालॉग मावा उपयोग करने पर न्यू स्वदेशी स्वीट्स एंड नमकीन, देवास के संचालक अंकुर जैन के विरुद्ध नाहर दरवाजा थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र ठाकुर ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 51, 52, 55 और बीएनएस की धारा 274 व 275 के तहत प्रकरण दर्ज कराया है।
जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि 5 नवंबर 2026 को उक्त प्रतिष्ठान से 770 किलो एनालॉग मावा और मिठाइयां जब्त कर नष्ट कराई गई थीं। इससे पहले 26 अगस्त को भी 300 किलो मावा जब्त हुआ था।
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना द्वारा गठित दलों ने पांच दिन में 38 प्रतिष्ठानों से 78 सैंपल लिए हैं। अब तक 4 लाख 86 हजार 500 रुपये मूल्य का 10.80 क्विंटल एनालॉग मावा, मिठाइयां और 30 लीटर दूध जब्त किया जा चुका है।
शुक्रवार की कार्रवाई में देवास नगर के 6, सतवास व हाटपीपल्या के 4-4 और टोंकखुर्द के 1 प्रतिष्ठान की जांच हुई। देवास में बालाजी स्वीट्स से मिल्क केक, महेश्वरी स्वीट्स से मावा बर्फी का नमूना लिया गया। शिवशक्ति मिल्क कॉर्नर व गुरु कृपा मावा भंडार से 10-10 किलो और शिवशक्ति मावा भंडार से 5 किलो मावा जब्त हुआ। गीता श्री स्वीट्स से 5 किलो मावा बर्फी जब्त की गई। टोंकखुर्द में राजस्थानी स्वीट्स से घरेलू गैस के 2 सिलेंडर भी जब्त किए गए। सभी नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं।


0 Comments