कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने देर शाम किया उत्कृष्ट बालिका छात्रावास का औचक निरीक्षण: छात्राओं के साथ बैठकर किया भोजन, गुणवत्ता सही ना मिलने पर जताई कड़ी नाराजगी,,
छात्राओं के कमरों का किया मुआयना, व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश, लापरवाही पर वार्डन के निलंबन संबंधी कार्यवाही करने के निर्देश, बीईओ देवास को कारण बताओ नोटिस जारी,,
5 नए गीजर और 1 आरओ लगाने के निर्देश; कलेक्टर बोलीं- भोजन और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं
देवास:कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने मंगलवार देर शाम महारानी चिमनाबाई स्कूल परिसर स्थित उत्कृष्ट बालिका छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केवल व्यवस्थाओं का जायजा ही नहीं लिया, बल्कि छात्राओं के साथ बैठकर छात्रावास में बनने वाला भोजन स्वयं खाकर उसकी गुणवत्ता परखी। भोजन की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप न मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। छात्रावास में वार्डन ना मिलने और छात्राओं की शिकायत वार्डन को निलंबित करने संबंधी कार्यवाही करने के निर्देश दिए और विकासखंड शिक्षा अधिकारी देवास को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। निरीक्षण के दौरान ये सामने आया कि खाना हॉस्टल में बनाए जाने के बजाय बाहर से बनाकर लाया जा रहा है, इस पर कलेक्टर श्रीमती मीना ने नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट कहा कि खाना हॉस्टल में ही बनाया जाए और अच्छी गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि भोजन छात्रावासों में ही बनाया जाए, जिससे खाद्य सुरक्षा विभाग गुणवत्ता सुनिश्चित कर सकेl कलेक्टर श्रीमती मीना ने छात्राओं के आवासीय कमरों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कमरों में प्रकाश, हवा, बिस्तरों और स्वच्छता की स्थिति देखी तथा छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी दिनचर्या, अध्ययन और सुविधाओं की जानकारी ली। कमरों और परिसर की व्यवस्थाओं में कमियां पाए जाने पर उन्होंने अधिकारियों को तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती मीना ने सख्त लहजे में कहा कि छात्राओं के भोजन की गुणवत्ता और उनकी सुरक्षा को लेकर किसी भी स्तर पर बरती गई लापरवाही अक्षम्य है। उन्होंने निर्देशित किया कि निर्धारित मीनू के अनुसार ही पौष्टिक, शुद्ध और स्वादिष्ट भोजन बालिकाओं को प्रतिदिन दिया जाए तथा रसोई व भोजनालय में स्वच्छता के उच्चतम मानकों का पालन हो।
आगामी शीत ऋतु और बालिकाओं की दैनिक जरूरतों को देखते हुए कलेक्टर ने छात्रावास परिसर में तत्काल 5 नए गीजर और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता हेतु 1 नया आरओ सिस्टम लगाने के निर्देश दिए, ताकि छात्राओं को गर्म पानी व स्वच्छ पेयजल की कोई असुविधा न हो।
आगामी शीत ऋतु और बालिकाओं की दैनिक जरूरतों को देखते हुए कलेक्टर ने छात्रावास परिसर में तत्काल 5 नए गीजर और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता हेतु 1 नया आरओ सिस्टम लगाने के निर्देश दिए, ताकि छात्राओं को गर्म पानी व स्वच्छ पेयजल की कोई असुविधा न हो।
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि किसी भी छात्रावास से भोजन अथवा अन्य व्यवस्थाओं में लापरवाही की शिकायत सामने आती है, तो संबंधित अधिकारियों व जिम्मेदारों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिले के सभी छात्रावासों का जिलास्तरीय अधिकारियों से नियमित निरीक्षण करवाने और बालिका छात्रावासों का निरीक्षण महिला अधिकारियों से करवाने के लिए निर्देशित किया, उन्होंने कहा कि छात्रावासों में चाक-चौबंद व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

0 Comments