Header Ads Widget

Responsive Advertisement

Recent Updates

6/recent/ticker-posts

दीपावली-दशहरा मिलन समारोह में सजी काव्य की महफिल, कवियों ने रचनाओं से बांधा समां

दीपावली-दशहरा मिलन समारोह में सजी काव्य की महफिल, कवियों ने रचनाओं से बांधा समां
देवास। दीपावली-दशहरा मिलन समारोह के अवसर पर वरिष्ठ गीतकार विनोद मंडलोई के निवास पर शानदार काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता आध्यात्मिक कवि राधेश्याम पांचाल ने की तथा संचालन गीतकार ओम यादव ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ राजेश राज द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ। इसके पश्चात कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को भाव-विभोर किया। काव्य गोष्ठी में सर्वप्रथम विजय जोशी ने अपनी मालवी रचना 'घर-घर की फुट और खेत की फुट' की शानदार प्रस्तुति दी। शायर देव निरंजन देव ने वर्तमान परिवेश पर कटाक्ष करते हुए कहा, "हद है कि गैर मुल्कों के बल्बों की रोशनी, मेरे देश के मिट्टी के दीपक को खा गई।" वहीं शायर मोइन खान ने अपने शेर "मुझे रंजोगम भी सनम दे रहा है और नहीं रोने की कसम भी दे रहा है" से खूब दाद बटोरी। वरिष्ठ साहित्यकार राजेंद्र तिवारी नीलम ने भ्रष्टाचार पर अपने पैने व्यंग्य प्रस्तुत किए। इंदौर से पधारे वरिष्ठ साहित्यकार दिलीप मांडलिक ने रबड़ी पर अपनी शानदार कविता सुनाकर श्रोताओं का मनोरंजन किया। वरिष्ठ गीतकार ओम यादव ने अपने सुरीले गीतों से गोष्ठी को नई ऊंचाई प्रदान की। कवि पंकज जोशी ने रोटी पर कविता प्रस्तुत करते हुए कहा, "कोई बीनकर खाता, कोई छीनकर खाता, जिसे शुगर है वो रोटी गिनकर खाता।" इस रचना को श्रोताओं ने खूब सराहा। अक्षय गोस्वामी ने मां पर भावपूर्ण कविता सुनाई, वहीं कवयित्री आरती अक्षय गोस्वामी ने भारत की गौरवशाली गाथा का सुंदर वर्णन किया। कार्यक्रम के संयोजक वरिष्ठ गीतकार विनोद मंडलोई ने अपने चिरपरिचित अंदाज में "जो दर्द लबों पर आए वो गीत नहीं तो क्या है, जो दुख में साथ निभाए वो मीत नहीं तो क्या है" गीत की प्रस्तुति देकर काव्य गोष्ठी को नई ऊंचाई प्रदान की। अंत में गोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे आध्यात्मिक कवि राधेश्याम पांचाल ने अपनी रचना "लड़ाई अपनों से हो, जितना जरूरी नहीं, मैं हार जाता हूं ये मेरी मजबूरी नहीं। जीतना जब है जरूरी, जब लड़ाई खुद से हो, खुद से हारा तो आईने की भी मंजूरी नहीं" सुनाकर सभी को आत्ममंथन का संदेश दिया। इसी के साथ काव्य गोष्ठी को अगली गोष्ठी तक के लिए विराम दिया गया। कार्यक्रम के अंत में अनुराग मंडलोई ने सभी कवियों एवं उपस्थित साहित्यप्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments

Join Our WhatsApp Group? for latest and breaking news updates...
Click here to join the group...