छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ग्राम पंचायत सुकल्या क्षिप्रा की सराहनीय पहल, प्राचीन कुंड में पानी भरवाया,,
अल्प वर्षा के कारण क्षिप्रा नदी में जल की कमी बनी थी परेशानी, पंचायत ने विशेष सफाई अभियान चलाकर स्नान एवं पूजन के लिए की व्यवस्था
देवास। आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति के महापर्व छठ पूजा को लेकर ग्राम पंचायत सुकल्या क्षिप्रा द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सराहनीय पहल की गई है। इस वर्ष अल्प वर्षा के चलते क्षिप्रा नदी में पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं होने के कारण छठ महापर्व पर सूर्य उपासना, स्नान एवं पूजन को लेकर विशेष रूप से पूर्वोत्तर भारत से आकर क्षेत्र में निवास कर रहे लोगों के सामने परेशानी खड़ी हो गई थी। श्रद्धालुओं की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए ग्राम पंचायत द्वारा क्षिप्रा स्थित प्राचीन कुंड की साफ-सफाई करवाकर उसमें पानी भरवाने की व्यवस्था की गई। विधायक श्रीमंत गायत्रीराजे पवार एवं क्षेत्रीय विधायक मनोज चौधरी के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत सुकल्या क्षिप्रा के सरपंच विश्वास उपाध्याय ने इस कार्य को प्राथमिकता देते हुए विशेष सफाई अभियान चलवाया। इसके तहत प्राचीन कुंड में लंबे समय से जमा गंदगी की सफाई करवाई गई तथा श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई, जिससे छठ महापर्व पर श्रद्धालु सुविधापूर्वक स्नान, पूजन एवं सूर्य उपासना की परंपराओं का निर्वहन कर सकें। उल्लेखनीय है कि छठ महापर्व पूर्वोत्तर भारत सहित देश के विभिन्न हिस्सों में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाता है। इस पर्व में स्वच्छ जलाशय और जल में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य देने का विशेष धार्मिक महत्व है। ऐसे में क्षिप्रा नदी में पानी की कमी के बीच प्राचीन कुंड की सफाई और जल भराव की व्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत साबित हुई है। ग्राम पंचायत की इस पहल से श्रद्धालुओं के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। स्थानीय स्तर पर की गई इस व्यवस्था से बाहर से आकर क्षेत्र में रह रहे परिवारों को अपने पारंपरिक पर्व को पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाने का अवसर मिल सकेगा। जनभावनाओं और धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए की गई यह पहल स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समन्वय से जनसुविधा के कार्यों का अच्छा उदाहरण है।



0 Comments