कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास सोनकच्छ का निरीक्षण, छात्राओं से संवाद कर व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश,,
गुणवत्ता ठीक नहीं होने पर अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास के वार्डन को शोकाज नोटिस और कुक का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश
देवास:कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने बालिकाओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, गुणवत्तापूर्ण भोजन एवं सुरक्षित आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रवास एवं अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास सोनकच्छ का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रवास में छात्राओं के साथ दोपहर का भोजन किया गया तथा उनसे सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं शैक्षणिक अनुभवों की जानकारी ली गई। इस दौरान छात्राओं को शिक्षा के महत्व, विभिन्न करियर विकल्पों एवं भविष्य में बेहतर अवसर प्राप्त करने के संबंध में प्रेरित करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास पेयजल की उपलब्धता, नियमित साफ-सफाई एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में छात्राओं से जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर श्रीमती मीना ने ने छात्रावास में स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य शिविर में वितरित की जाने वाली आयरन सहित अन्य आवश्यक गोलियों का नियमित एवं समय पर सेवन करने के लिए छात्राओं को समझाइश दी।
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास के निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई एवं शौचालयों की व्यवस्था में कमियां पाई गईं। शौचालयों के दरवाजे टूटे हुए पाए गए। छात्राओं ने भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी शिकायतें कीं। बालिकाओं द्वारा द्वारा एक दिन भोजन में कीड़े निकलने, कच्ची रोटियां मिलने एवं भोजन की गुणवत्ता ठीक नहीं होने की बात बताई गई। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए छात्रावास अधीक्षिका (वार्डन) को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा संबंधित कुक का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। साथ ही भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं छात्रावास की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
छात्राओं द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। इस पर एसी ट्राइबल विभाग को छात्राओं के लिए कोचिंग की व्यवस्था शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, दोनों छात्रावासों में छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आगामी तीन दिनों के भीतर अच्छी गुणवत्ता के गीजर स्थापित कराने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्रीमती मीना ने छात्राओं की शैक्षणिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उपलब्ध पुस्तकों की जानकारी ली तथा आवश्यक पुस्तकें उपलब्ध कराने के संबंध में निर्देशित किया। साथ ही छात्रावास में रखे पुराने ई-वेस्ट को हटाकर नवीन सिस्टम स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रावास के कमरों में पंखों एवं लाइट की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने छात्रावास में छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान स्पष्ट किया गया कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ वातावरण, सुरक्षित आवास एवं बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। छात्राओं की समस्याओं का त्वरित निराकरण कर उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।



0 Comments