देवास। कुछ कर गुजरने का जज्बा मेहनत और लगन हो तो आंधियों में भी चिराग जल जाया करते हैं,इसी कहावत को सार्थक किया है शासकीय माध्यमिक विद्यालय महाकाल कालोनी के प्रधानाध्यापक महेश सोनी जी ने जो अपने परिवार से भी ज्यादा पौधों को हरियाली को प्यार करते हैं, जिनके लिए नित लगे रहते हैं कही भी नई जगह जाना हुआ अपने स्कूल की बगिया के लिए हमेशा हरियाली को बढ़ाने का प्रयास करते है नई प्रजातियों के पौधे लाकर, आपकी इन्हीं मेहनत और लगन को देखते हुए मध्यप्रदेश शासन में आपको राज्यपाल अवार्ड से नवाजा, आपकी संस्था की साफ-सफाई एवं सुविधा को देखते हुए यहां यह भी लिखने में कोई हर्ज नहीं होगा कि देवास शहर में कई शासकीय स्कूल होने के बाद शासन प्रशासन की पहली नजर शासकीय माध्यमिक विद्यालय महाकाल कॉलोनी में रहती है ,ऐसी विभिन्न प्रतिभाओं से लबरेज महेश सोनी जी और उनकी शाला का परिचय शासकीय सेवा में सेवारत लोगों के लिए एक मिसाल है जो अपने कर्म को पूजा मानते हैं,, पर्यावरण के दिवस के अवसर पर खबर कुछ हटके में महेश सोनी जी की बगिया से जिन्होंने पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को साकार कर दिया। शासकीय माध्यमिक विद्यालय महाकाल कॉलोनी के प्रधानाध्यापक महेश सोनी ने अपनी लगन, मेहनत और संकल्प से पर्यावरण की मिसाल कायम की है। श्री सोनी ने यह सब एक ही दिन में नहीं किया बल्कि इसके लिए कई वर्ष की तपस्या लगी। महेश सोनी ने बताया कि विद्यालय में पिछले 20 वर्ष से पर्यावरण संरक्षण के कार्य में लगे हैं और उसका नतीजा बहुत सुखद प्राप्त हुआ। विद्यालय परिसर में वर्तमान में नीम, पीपल, गुलमोहर ,शहतूत, बरगद ,आम ,जामफल, बादाम,बांस, नारियल मीठा नीम के वृक्ष आसमान की ऊंचाई छू रहे हैं। विभिन्न प्रकार की किस्मों के 200 बड़े गमले बगीचे की शोभा बढ़ाते हैं। विद्यालय परिसर में एक किचन गार्डन भी लगाया गया है जिसमें विभिन्न प्रकार की मौसमी सब्जियां उगाई जाती है। पौधों के लिए खाद का निर्माण भी नगर निगम के मार्गदर्शन में विद्यालय में ही किया जाता है। पशु पक्षियों के लिए दाना पानी की वर्ष भर व्यवस्था बनाए रखी जाती है। विभिन्न प्रकार के पक्षी बंदर गिलहरी कोयल बगीचे की सुंदरता को मनमोहक बनाते हैं। पेड़ पौधों की वर्ष भर देखरेख महेश सोनी स्वयं करते हैं पौधों की कटिंग करना ,खाद पानी देना उनकी दैनिक दिनचर्या का अंग है। ग्रीष्मावकाश में प्रतिदिन विद्यालय में पहुंचते हैं और बगीचे के पेड़ पौधों की देखरेख करते हैं। इसी का सुखद परिणाम यह है कि आज महाकाल कॉलोनी विद्यालय का उद्यान सभी का मन मोह लेता है।बच्चे विद्यालय के सुंदर सुखद वातावरण में मन लगाकर पढ़ाई करते हैं। झूले फिसल पट्टी भी उद्यान में लगाए गए हैं। विद्यालय में पौधा बैंक भी संचालित है इसके द्वारा बच्चों और आसपास के रहवासियों को विद्यालय में तैयार किए पौधे निशुल्क प्रदान किए जाते हैं। उद्यान की देखरेख एवं संरक्षण में विद्यालय का स्टाफ एवं विद्यार्थी तथा उनके परिवार के सदस्य सभी सहयोग करते हैं। विद्यालय में प्रति विद्यार्थी एक पौधा का संकल्प भी पूर्ण हो गया है। पर्यावरण दिवस के अवसर पर श्री सोनी ने कहा कि वर्तमान परिस्थिति में संपूर्ण मानव जाति के लिए आवश्यक है कि हम अपने घर, कार्यस्थल, सार्वजनिक स्थल पर निस्वार्थ भाव से पौधारोपण करें संरक्षण करें और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
0 Comments