सृष्टि के सबसे बड़े न्याय के देवता से विनम्र अपील
देवास। मध्य प्रदेश राज्य के टीकमगढ़ स्थान पर कायस्थ जातीय युवती स्नेहा को दहेज लोभियों द्वारा जलाकर हत्या किए जाने मामले में सृष्टि के सबसे बड़े न्यायधीश भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज के श्री चरणों में कायस्थ समाजजनों द्वारा करबद्ध प्रार्थना करते हुए कानूनी न्याय दिलवाने की अपील की गई। समाजजनों द्वारा आरती पूजन के पश्चात भगवान श्री चित्रगुप्त जी के चरण कमलों मै अपील रखी और निवेदन किया कि युवती को श्री चरणों में स्थान मिले और परिवार को न्याय। भगवान से सभी उपस्थित समाजजनों ने नारे लगा कर कहा श्री चित्रगुप्त भगवान न्याय करो- न्याय करो। समाज बन्धुओ को यह प्रतीत हो रहा है कि लगातार स्थानीय प्रशाशन द्वारा न्याय व्यवस्था का अनदेखा किया जा रहा है। अत: चित्रगुप्त वंशजो द्वारा सीधे न्याय मिलने के मानस से न्याय व्यवस्था पर सम्पूर्ण भरोसा प्रकट करते हुए सृष्टि के प्रधानकर्ता से ही अपील की गई है। प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी जो बालिकाओ को पढ़ाने व बचाने की बात को प्राथमिकता देते हैं, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान महिला संरक्षण के मामले में देशव्यापी चर्चित है। वे लाड़लियों के मामा के रूप में भी प्रख्यात है। इसके बावजूद भी दहेज रूपी महादानव विवाहित महिलाओं को स्वार्थ की भूख से कलकलवित करने में संकोच नही कर रहे है। न ही उन्हें किसी प्रकार का भय ही दिखाई देता है। इस कारण कायस्थ विकास परिषद एवं समाजजन प्रार्थना करते हुए सत्तप्त परिवार को न्याय दिलाने की विनम्र अपील श्री चित्रगुप्त भगवान से कर रहे हैं। इस अवसर पर भगवान की प्रार्थना सभा में आभा निगम, अनिता श्रीवास्तव, नविता वर्मा, श्रेया निगम, कविता निगम, आलोक निगम, योगेश निगम, दीपक श्रीवास्तव, संजय निगम, जगदीश निगम, आशीष वर्मा आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
0 Comments