सीएम राइज स्कूल देवास के बच्चों को अंतरिक्ष विज्ञान प्रदर्शनी से मिली,,नासा, इसरो और डीआरडीओ से संबंधित जानकारियां
देवास, 23 अप्रैल 2025/ मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद भोपाल द्वारा विज्ञान वाणी संस्था के माध्यम से सीएम राइज विद्यालय देवास में विज्ञान उत्प्रेरण कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य श्री देवेंद्र बंसल के मार्गदर्शन में किया गयाI कार्यक्रम के रिसोर्स पर्सन और विज्ञान के शिक्षाविद् श्री वीबी रायगांवकर (पुणे) और वीके मुदगिल (झांसी) ने विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान प्रदर्शनी के अंतर्गत इसरो, नासा और डीआरडीओ से संबंधित रोचक जानकारियां मॉडल एवं पोस्टर द्वारा दी। पर्यावरण के प्रति जागरूकता के लिए पर्यावरण संबंधी सांप-सीढ़ी खेल का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया।

श्री मुदगिल ने प्रत्येक छात्र में छुपे हुए वैज्ञानिक को उजागर करते हुए दैनिक जीवन की घटनाओं से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों को प्रयोग के द्वारा स्पष्ट कियाI जिसमें उन्होंने बरनौली की प्रमेय एवं पास्कल के नियम को समझाया। श्री रायगांवकर ने पृथ्वी की विभिन्न गतियों को प्रयोग के माध्यम से समझाया। कठपुतली नृत्य के द्वारा सिकल सेल एनीमिया के कारण और उपचार की जानकारी रोचक शैली में दी गई। 3D एनीमेशन फिल्म भी बच्चों को दिखाई गई साथ ही विशेष प्रकार के 3D चश्मो के द्वारा भीषण गर्मी में तपते हुए सूर्य को दिखाया गया। 

सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने आनंद और उत्साह पूर्वक पूरे कार्यक्रम को देखा और सुना एवं वैज्ञानिक तथ्यों को जानने का प्रयास किया। प्राचार्य श्री देवेंद्र बंसल के द्वारा इस रोचक और जिज्ञासा पूर्ण कार्यक्रम के लिए विज्ञान वाणी संस्था का आभार माना गया। इस अवसर पर बच्चों के साथ पूरे विद्यालय स्टाफ ने भी अंतरिक्ष से संबंधित रोचक जानकारियां प्राप्त की।
0 Comments