आर्मी की ट्रेनिंग पूर्ण कर लौटे 26 फौजी भाइयों का किया स्वागत
देवास। भारतीय सेना की ट्रेनिंग पूरी कर देवास लौटे फौजी भाइयों का स्वागत समारोह आयोजित किया गया। ट्रिकी अकैडमी, देवास से चयनित कुल 26 विद्यार्थी हाल ही में आर्मी की ट्रेनिंग पूर्ण कर अपने घर लौटे। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर संस्था द्वारा डीजे और ढोल के साथ भव्य जुलूस निकालकर सभी फौजी भाइयों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में सैनिकों को महापुरुषों की तस्वीरें भेंट कर सम्मानित किया गया।
संस्थान के संचालक चंदन सिंह चौहान ने बताया कि ट्रिकी अकैडमी विगत वर्षों में अब तक 1000 से अधिक चयन दे चुकी है। इनमें भारतीय सेना के अलावा रेलवे, पुलिस, पटवारी, शिक्षक, नेवी तथा अन्य कई विभागों में चयनित विद्यार्थी आज देश की सेवा में जुटे हुए हैं। श्री चौहान ने बताया कि संस्था सामाजिक सरोकारों को भी प्राथमिकता देती है। देवास जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में देश के लिए शहीद हुए सैनिकों के पुत्र-पुत्रियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नि:शुल्क करवाई जाती है। साथ ही, कोरोना काल में अपने माता-पिता को खो चुके विद्यार्थियों को भी संस्था द्वारा निशुल्क कोचिंग प्रदान की जाती है, जिससे वे भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें। इस अवसर पर संस्था के समस्त स्टाफ, चयनित सैनिकों के परिजन और नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में देशभक्ति का उत्साह और गौरव की अनुभूति देखी गई।
0 Comments