इनोवेटिव पब्लिक स्कूल में आरआरआर सेंटर का आयुक्त ने किया शुभारंभ,,,
देवास। (शकील कादरी) सोमवार 27 अप्रैल को नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार ने इनोवेटिव पब्लिक स्कूल में संचालक एवं पूरे स्टाफ की उपस्थिति में फीता काटकर आरआरआर सेंटर का शुभारंभ किया।
जरूरतमंद ले सकेंगे उपयोग की वस्तुएं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयुक्त ने उपस्थितजनों को आरआरआर के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस सेंटर में नागरिक अपने स्तर पर गरीबजनों के हित के लिए तथा स्कूल के बच्चों के उपयोग की वस्तुएं दान कर सकते हैं। जरूरतमंद लोग अपने उपयोग की वस्तुएं इस आरआरआर सेंटर से ले सकते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों एवं कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों से सहयोग की अपील की। इस दौरान स्कूल संचालक सैयद मकसूद अली द्वारा आयुक्त के कर कमलों से छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्रों का वितरण कराया गया।
चार बिन प्रणाली के प्रति किया जागरूक
ओम साईं विजन आईईसी टीम द्वारा वार्ड क्रमांक 7 स्थित इनोवेटिव पब्लिक स्कूल में शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को चार बिन प्रणाली के माध्यम से कचरे के वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित पृथक्कीकरण के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान गीला, सूखा, सेनेटरी एवं अन्य कचरा को अलग-अलग रखने के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया गया तथा कचरा गाड़ी में गीला-सूखा कचरा पृथक-पृथक देने हेतु प्रेरित किया गया।
सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध के संबंध में जानकारी दी गई एवं इसके स्थान पर कपड़े या कागज के थैले जैसे वैकल्पिक साधनों का उपयोग करने की समझाइश दी गई। इसी के साथ स्वच्छता एवं जल संचय को लेकर अभिभावकों को शपथ भी दिलाई गई।
जल संरक्षण हेतु किया जागरूक
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत पानी के सदुपयोग एवं उसके महत्व के बारे में टीम लीडर अरुण तोमर विशाल जोशी ने सभी को अवगत कराया गया। जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन में अपनाने एवं अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने के लिए जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।
इस कार्यक्रम में निगम उपायुक्त देवबाला पिपलोनिया, नोडल अधिकारी सौरभ त्रिपाठी, ओम साईं विजन आईईसी टीम, स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर सैयद मकसूद अली, महेश सोनी, मिर्जा मुशाहीद बेग, विद्यालय प्राचार्य,शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

0 Comments