देवास। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत 24 जुलाई से 16 अगस्त जन्माष्टमी तक जिला भाजपा ने जिले में एक लाख पेड़ पौधे लगाने का लक्ष्य लिया है। इसको लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव ने युवा मोर्चा सहित साथी मोर्चों की बैठक लेकर जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, समाजसेवी, पंच, सरपंच, पार्षद सहित समस्त जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया है कि एक पेड़ मां के नाम लगाकर ग्लोबल वार्मिंग से हो रहे पर्यावरण के नुकसान को बचाने का प्रयास करें। हरियाली अमावस्या पर अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प भी दिलाया गया। श्री सेंधव ने कहा कि मानव जीवन में पेड़ का बड़ा महत्व है। आज के दौर में पौधे लगाना बहुत जरूरी है, साथ ही सुरक्षा के दृष्टिकोण से पेड़ों से भावनात्मक लगाव होना भी आवश्यक है। लोगों को अपने या अपने बच्चों के जन्मदिन, शादी की वर्षगांठ जैसे अवसरों को यादगार बनाने पौधे जरूर लगाना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव की सकारात्मक सोच को आगे बढ़ाते हुए प्रकृति, पर्यावरण और मानव जीवन की रक्षा करने के संकल्प को आगे बढ़ाने का अनुरोध किया। साथ ही कहा कि वर्तमान में ग्लोबल वार्मिंग में लगातार वृद्धि हो रही है जो बहुत बड़ी चिंता का विषय है। वर्षा की अनियमितता, पर्यावरण असंतुलन, तापमान में लगातार वृद्धि को दृष्टिगत रखते हुए पौधे लगाना आज के समय की मांग है। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत अच्छी नस्ल के पौधे लगाकर पर्यावरण और प्रकृति को सुरक्षित व संरक्षित करने की अपील की। बैठक का संचालन मनीष सोलंकी ने किया। उक्त जानकारी भाजपा सह जिला मीडिया प्रभारी कमल अहिरवार ने दी।
0 Comments