वोट अधिकार यात्रा को लेकर कांग्रेस का आह्वान
देवास में बुधवार दोपहर 1 बजे जवाहर चौक से होगी यात्रा की शुरुआत
देवास। प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर शहर जिला कांग्रेस और ग्रामीण जिला कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को वोट अधिकार यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा 3 सितंबर, बुधवार को दोपहर 1 बजे जवाहर चौक स्थित कांग्रेस कार्यालय से प्रारंभ होकर शालिनी रोड, सुभाष चौक, नावेल्टी चौराहा, तहसील चौराहा होते हुए सैंया जी द्वार पर संपन्न होगी। यात्रा की जानकारी देते हुए ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष चौधरी और शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रयास गौतम ने संयुक्त प्रेसवार्ता में कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा वोट चोरी के मुद्दे पर पूरे देश में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मध्यप्रदेश में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में “वोट चोर गद्दी छोड़ो” नारे के साथ यह यात्रा निकाली जा रही है।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए दोनों अध्यक्षों ने कहा कि अभी हमें पदभार संभाले 10-15 दिन ही हुए हैं। इसके बाद शहर की अनेक ज्वलंत समस्याओं को लेकर भी हम सड़कों पर उतरेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाकर हमारा लक्ष्य है कि 2027 के नगर निगम, जनपद, जिला पंचायत चुनाव और 2028 के लोकसभा व विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को विजय दिलाई जाए। प्रेसवार्ता का संचालन चंद्रपाल सिंह सोलंकी ने किया और आभार कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर शर्मा ने माना। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व महापौर रेखा वर्मा, प्रदीप चौधरी, डॉ. मंसूर शेख, विक्रम मुकाती, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनिल गोस्वामी, कल्याण सिंह पवार, जाहिद पठान, जितेंद्र सिंह गौड़, रोशन रायकवार, राजेश राठौर, रितेश त्रिपाठी, शाहजी हाशमी सहित अनेक कांग्रेसजन और पत्रकार मौजूद रहे।
0 Comments