जी.डी. फाउंडेशन ने वृद्धाश्रम में मनाया शिक्षक दिवस
देवास। साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था जी.डी. फाउंडेशन, भारत के तत्वावधान में शिक्षक दिवस के अवसर पर संस्था द्वारा संचालित ओल्ड एज केयर होम, रामपुर कोदर कट्टी (वार्ड नं. 10, अररिया) के प्रांगण में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों को आमंत्रित कर उन्हें वृद्धजनों का आशीर्वाद दिलवाया गया। साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी। वृद्धजनों ने बच्चों को ढेरों आशीर्वाद दिया और बच्चों की प्रस्तुतियों को सराहा। रामपुर इंग्लिश स्कूल के प्रिंसिपल डॉ. शाहरुख मोइन ने अपने संबोधन में कहा कि हमारे जीवन के प्रथम गुरु हमारे वृद्धजन हैं। सभी को उनका सम्मान करना चाहिए क्योंकि उनके आशीर्वाद के बिना जीवन व्यर्थ है। उन्होंने बच्चों व अभिभावकों से आह्वान किया कि हमें अपने बुजुर्गों की देखभाल, आदर-सत्कार और सेवा में कभी कमी नहीं करनी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान कई सामाजिक मुद्दों पर संवाद एवं जागरूकता अभियान भी चलाया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद, भोजन सामग्री एवं आवश्यक वस्तुओं का वितरण निर्धन व जरूरतमंद लोगों तथा बच्चों को किया गया। इस अवसर पर श्रीमती तबस्सुम आरा, आमिर खुशरु, आशिया गौहर, मो. इकबाल, अनवार आलम, शिक्षकगण, गणमान्य ग्रामीण व सभी वृद्धजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जी.डी. फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री साजिद इकबाल ने की और अंत में उन्होंने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। उक्त जानकारी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष मकसूद शाह ने दी।

0 Comments