देवास। स्वच्छता और बेहतर वायु गुणवत्ता की दिशा में किए गए प्रयासों का नतीजा अब उपलब्धि के रूप में सामने आया है। देवास नगर निगम ने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में पूरे देश में नंबर वन स्थान प्राप्त कर शहर का मान बढ़ाया है। इस उपलब्धि के लिए देवास को राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया।
गुरुवार को निगम बैठक हाल में निगम आयुक्त रजनीश कसेरा ने दिल्ली से प्राप्त प्रमाण पत्र और पुरस्कार स्वरूप चेक महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल को भेंट किया।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती अग्रवाल ने शहरवासियों और निगम अधिकारियों को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा, कि यह सफलता सभी नागरिकों और कर्मचारियों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। आगे भी स्वच्छता और प्रदूषण नियंत्रण के क्षेत्र में निरंतर प्रयास किए जाएंगे, ताकि यह उपलब्धि कायम रह सके और देवास पूरे देश के लिए एक उदाहरण बन सके।
विधायक व महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल ने बताया, कि देवास ने वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने और शहर को स्वच्छ रखने के लिए कई नवाचार अपनाए हैं। यही कारण है कि सर्वेक्षण में देवास को अव्वल स्थान हासिल हुआ।

0 Comments