वृद्धाश्रम बसेरा में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस,,
- 101 वर्षीय श्रीमती सोरम बाई का हुआ सम्मान | खेल प्रतियोगिताओं व गीत-भजनों की रही धूम
देवास। शहर के प्रबुद्धजनों ने सनातन पर्व के साथ मानवता पर्व का उत्सव वृद्धाश्रम ‘बसेरा’ में मनाया। नवरात्रि की दुर्गा नवमी पर मां दुर्गा की आराधना व पूजन के उपरांत अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर वहां रह रहीं 101 वर्षीय बुजुर्ग महिला श्रीमती सोरम बाई चौधरी का सम्मान किया गया। उन्हें सम्मानस्वरूप शॉल, श्रीफल तथा ₹1000 की राशि भेंट की गई। सम्मान पाकर बुजुर्ग महिला की आंखों से छलकते खुशी के आंसू और दिल से निकली दुआओं ने वहां मौजूद सभी प्रबुद्धजनों को भावविभोर कर दिया। सभी को ऐसा अनुभव हुआ मानो नौ दिनों तक की गई देवी शक्ति की आराधना का साक्षात् फल मिल गया हो। इस अवसर पर न्यायाधीश अजय शर्मा, सामाजिक न्याय विभाग की उपसंचालक संगीता यादव, शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि व कार्यकर्ता – मदन सिंह धाकड़, हेमंत वर्मा, अमरजीत सिंह खनूजा, निलेश जैन, डॉ. सचिन नागर, नवीन नाहर, हिमांशु दुबे, वृद्ध आश्रम प्रबंधक दिनेश चौधरी सहित ख्यात भजन गायक द्वारका मंत्री उपस्थित रहे। सभी ने बसेरा में निवास कर रहे वरिष्ठजनों का शॉल-श्रीफल से सम्मान किया। द्वारका मंत्री द्वारा प्रस्तुत गीतों और भजनों पर वृद्धजन झूम उठे और नृत्य करने लगे। साथ ही चेयर रेस, नींबू दौड़, कैरम, शतरंज व मोबाइल गेम जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें सभी वृद्धजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेताओं को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। अंत में सभी प्रबुद्धजनों ने वृद्धाश्रम के बुजुर्गों से आत्मीय संवाद किया और सम्मान, स्नेह एवं अपनत्व का भाव साझा कर उनके चेहरों पर खुशियां लौटा दीं। यह जानकारी चेतन उपाध्याय द्वारा दी गई।

0 Comments