स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान के तहत विविध गतिविधियाँ
पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी, पोषण संबंधित बैनर–पोस्टर और रंगोली प्रतियोगिता आयोजित
देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी साबिर अहमद सिद्दीकी के मार्गदर्शन में “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” के अंतर्गत आठवें पोषण माह का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में परियोजना देवास शहर के प्रमिला राजे परिसर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी, पोषण संबंधित बैनर–पोस्टर और रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिला कार्यक्रम अधिकारी साबिर अहमद सिद्दीकी ने बताया कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा शुरू किया गया पोषण अभियान एक अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य बच्चों, किशोरियों, गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली माताओं के पोषण स्तर में सुधार लाना है। उन्होंने कहा कि गर्भधारण से लेकर बच्चे के दो वर्ष की आयु तक के पहले 1000 दिन अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। इस दौरान संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने पर बल दिया गया। सिद्दीकी ने उपस्थित महिलाओं व कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि गंभीर एवं मध्यम कुपोषित बच्चों को बाल कुपोषण गृह में भर्ती कराकर उनका विशेष फॉलोअप सुनिश्चित करें। परियोजना अधिकारी एम.एल. अहिरवार ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों पर दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार करते हुए स्थानीय पोषण को बढ़ावा देना और पोषण अभियान को जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाना आवश्यक है। समाजसेवी मनीषा बाफना ने कम तेल, कम नमक और कम शक्कर वाले व्यंजनों के उपयोग की जानकारी दी और सभी को स्वस्थ खानपान अपनाने के लिए प्रेरित किया। पर्यवेक्षक पार्वती मालवीय ने अपने सेक्टर की कार्यकर्ताओं से मोटे अनाज व स्वास्थ्यवर्धक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगवाई। कार्यक्रम का संचालन स्नेहलता गोड ने किया एवं आभार रंजना राणा ने व्यक्त किया। इस अवसर पर सेक्टर की समस्त कार्यकर्ता, सहायिकाएँ एवं महिलाएँ उपस्थित रहीं।
0 Comments