जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवास द्वारा साक्षरता शिविर का आयोजन किया
देवास:12 नवम्बर 2025 [शकील कादरी] मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवास श्री अजय प्रकाश मिश्र के मार्गदर्शन में न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह-2025 की कार्य योजना के अनुसार दोपहर 02 बजे किर्लोस्कर कंपनी देवास में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रधान जिला न्यायाधीश देवास श्री अजय प्रकाश मिश्र ने श्रमिकों को उनके कानूनी अधिकार एवं कर्तव्यों के बारे में जागरूक किया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के बारे में विस्तृत जानकारी देकर नि:शुल्क विधिक सहायता के बारे में जानकारी दी एवं यातायात नियमों के प्रति भी कानूनी जानकारी देकर जागरूक किया। विधिक साक्षरता शिविर में श्री रोहित श्रीवास्तव सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवास ने भी नि:शुल्क विधिक सहायता एवं विधिक सहायता के लिए पात्र व्यक्तियों के बारे में भी श्रमिकों को जानकारी देकर जागरूक किया। शिविर में कंपनी प्रबंधक श्री राजेश घाघरे, श्री मनोज जोशी श्रम कल्याण अधिकारी, श्री विश्राम लेले प्लांट हेड एवं वरिष्ठ अधिवक्ता श्री दीपक नाईक सहित कंपनी के श्रमिकगण उपस्थित थे।

0 Comments