संभाग आयुक्त एवं रोल प्रेक्षक श्री आशीष सिंह ने निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की
--------------
निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम अनुसार मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी करें - संभाग आयुक्त श्री सिंह
-देवास:15 दिसम्बर 2025 [शकील कादरी] संभाग आयुक्त एवं रोल प्रेक्षक श्री आशीष सिंह ने देवास जिले में किये जा रहे निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण की समीक्षा कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में की। बैठक में कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह, अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी, एसडीएम सोनकच्छ श्रीमती प्रिया चन्द्रावत, एसडीएम देवास श्री आनंद मालवीय, एसडीएम खातेगांव श्री प्रवीण प्रजापति, एसडीएम टोंकखुर्द श्री संजीव सक्सेना, डिप्टी कलेक्टर श्री अभिषेक सिंह, मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि श्री ओम जोशी, श्री मनोहर जाधव, डॉ. मन्सूर शेख, श्री दरियाव सिंह मालवीय, श्री संजय सांगते उपस्थित थे।
बैठक में संभाग आयुक्त एवं रोल प्रेक्षक श्री आशीष सिंह ने निर्देश दिये कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नए कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिये कि विसंगतियों का निराकरण तत्काल करें एवं अपने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में बी.एल.ओ., बी.एल.ओ. सुपरवाईजर एवं बी.एल.ए. के साथ बैठक का आयोजन करना सुनिश्चित करें।
संभाग आयुक्त श्री सिंह ने कहा कि अब एसआईआर कार्य के साथ-साथ फॉम 6,7 और 8 पर भी कार्य करें। उन्होंने सभी राजनितिक दलों के प्रतिनिधियों से निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण के संबंध में चर्चा की। राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचक नामावली के गहन पुनरीक्षण की आज दिनांक तक संपादित की गई गतिविधियों एवं आगामी की जाने वाली गतिविधियों के संबंध में जानकारी दी गई। संभाग आयुक्त श्री सिंह ने बीएलओ से भी चर्चा की और एसआईआर कार्य प्रगति की जानकारी ली।
बैठक में कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने बताया कि देवास जिले की पांचों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में गणना पत्रकों के डिजीटलाईजेशन का कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने विधानसभावार मतदाता संख्या, अनुमोदित नवीन मतदाता केन्द्र, रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, बूथ लेवल एजेंट, जिला स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम, "बुक अ काल" (Book a Call) टू बीएलओ की स्थति, एसआईआर कार्य की प्रगति की जानकारी दी।
बैठक में बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण की संपूर्ण गतिविधियों के संपादन के साथ-साथ 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नवीन मतदाताओं से फार्म 6 एवं मतदाता सूची में से नाम कटवाने के लिए फार्म 7 तथा संशोधन/ शिफ्टिंग के लिए फार्म 8 की कार्यवाही भी की जा रही है। मतदाता फार्म बी.एल.ओ. के माध्यम से अथवा ऑनलाइन एन.व्ही.एस.पी. पोर्टल/ वोटर हेल्पलाईन एप के माध्यम से जमा/भर सकते है।
बैठक में बताया कि 18 दिसम्बर तक गणना पत्रक का कार्य किया जायेगा। 19 दिसम्बर से 22 दिसम्बर तक अंतिम मतदाता सूची का प्रारूप तैयार कर मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन सभी मतदान केन्द्रों तथा निर्धारित कार्यालयों में 23 दिसम्बर को होगा। मतदाता सूची के संबंध में दावे-आपत्तियाँ 23 दिसम्बर से 22 जनवरी 2026 तक दर्ज कराई जा सकती हैं। दावे-आपत्तियों का निराकरण 14 फरवरी तक किया जाएगा। मतदाता सूची 17 फरवरी तक अंतिम रूप से तैयार करके निर्वाचन आयोग की अनुशंसा के बाद 21 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।

0 Comments