श्री आदेश्वर जैन श्वेतांबर मंदिर में हुआ विशिष्ट महापूजा का आयोजन,
संध्या भक्ति में उत्तम भावों के साथ वाजिंत्र, नाद,नृत्य,भक्ति का अनोखा संगमदेवास। नगर में बड़ा बाजार स्थित प्राचीन श्री आदेश्वर जैन श्वेतांबर मंदिर में आज विशिष्ट महापूजा का आयोजन शासन यंग ब्रिगेड ग्रुप मुंबई द्वारा किया गया। जिसमें सुंदर एवं गुणवत्ता वाले हजारों पुष्पों से पूरे मंदिर जी की सजावट की गई। प्रभु जी की भव्य अंग रचना स्वर्ण, रजत एवं उत्कृष्ट पुष्पों से की गई। पुष्पमंडप केलीघर चंदन सिंह केसर से सुगंध युक्त विशिष्ट महापूजा की गई।हजारों दीपक से मंदिरजी प्रकाशमान हो उठा ऐसा लग रहा था जैसे दीपों का महासागर है। मुंबई का यह ग्रुप जिसमें करीब 200 युवान मालवा प्रांत की तीर्थ यात्रा पर आये हुए है, आज उन्होंने देवास में यह विशिष्ट लाभ लिया। संध्या भक्ति में उत्तम भावों के साथ वाजिंत्र, नाद,नृत्य,भक्ति का अनोखा संगम हुआ। सकल जैन संघ के हजारों लोग इस अदभुत नजारे को देखने उमड़ पड़े। 108 दीपक की महा आरती का लाभ श्री दीपचंद सोनी परिवार द्वारा लिया गया एवं मंगल दीवा का लाभ शासन यंग ग्रुप द्वारा लिया गया। इस अवसर पर भरत कोठारी द्वारा भी विशिष्ट लाभ लिया गया। 2 घंटे चली भक्ति बाद में धर्मसभा में परिवर्तित हुई,जिसमें ग्रुप के साथियों ने देवास के प्राचीन जैन इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया की बड़ा बाजार स्थित श्री आदिनाथ परमात्मा की प्रतिमा करीब 2200 वर्ष प्राचीन उज्जैन नगर सम्राट श्री सम्प्रति कालीन है, एवं तुकोगंज रोड स्थित श्री शंखेश्वर पार्श्वनाथ प्रभु की प्रतिमा आज से साडे 400 वर्ष प्राचीन श्री जगतगुरु एवं उनके शिष्य विजयसिंहसूरी म सा द्वारा प्रतिष्ठित है। आदेश्वर ट्रस्ट मंडल द्वारा तीर्थ यात्रियों का बहुमान किया गया,एवं सकल संघ का आभार व्यक्त किया।

0 Comments