देवास। जिले के समस्त ब्लॉकों में कार्यरत अतिथि शिक्षकों को विगत दो माह से मानदेय अब तक प्राप्त नहीं हुआ है, जिससे शिक्षकों में भारी आक्रोश और असंतोष व्याप्त है। अतिथि शिक्षक संघ मध्यप्रदेश, जिला इकाई देवास (भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध) ने इस संबंध में जिला कलेक्टर के नाम एसएलआर राजेश सरवटे को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र भुगतान की मांग की है। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश मालवीय ने बताया कि देवास जिले के कुछ ब्लाकों में दो व कुछ ब्लाकों में एक माह का वेतन अतिथि शिक्षकों को नही मिला है। भामसं जिलाध्यक्ष धनंजय गायकवाड एवं कंस्ट्रक्शन मजदूर महासंघ प्रदेश महामंत्री लोकेश विजयवर्गीय के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि संचालनालय लोक शिक्षण द्वारा दिनांक 05 दिसंबर 2025 के आवंटन आदेश एवं 09 दिसंबर 2025 के पत्र में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अतिथि शिक्षकों को प्रत्येक माह की 10 तारीख तक मानदेय का भुगतान किया जाए। इसके बावजूद देवास जिले में आज दिनांक तक अक्टूबर व नवंबर माह का मानदेय जारी नहीं किया गया है। टोंकखुर्द ब्लॉक के अतिथि शिक्षकों को माह अक्टूबर-नवम्बर का मानदेय नही मिला है। मानदेय न मिलने के कारण जिले के सैकड़ों अतिथि शिक्षक गंभीर आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। शिक्षकों का कहना है कि समय पर भुगतान न होने से उनके परिवार की दैनिक आवश्यकताओं पर भी संकट खड़ा हो गया है। अतिथि शिक्षक संघ ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि जिले के समस्त अतिथि शिक्षकों का नवंबर 2025 का लंबित मानदेय शीघ्र दिलवाया जाए, ताकि शिक्षकों को राहत मिल सके। इस दौरान सोनकच्छ ब्लाक अध्यक्ष कमलेश जोशी, भावना चौधरी, हीना चांवला, अंकित मालवीय, संजना मालवीय, राजकुमार रघुवंशी, नितेश भारद्वाज, उज्जवल दुबे, महेन्द्र सिंह सोलंकी, सुषमा सोमनकर, भावना कुमावत, चेतन चौहान, निता लुवानिया, सरिता मालवीय, चेतन चौहान, धर्मेन्द्र शर्मा आदि उपस्थित थे।

0 Comments