‘’गणतंत्र दिवस’’ की संध्या पर मल्हार स्मृति मंदिर देवास में ‘’भारत पर्व’’ का हुआ आयोजन,,
देवास 27 जनवरी 2026/ राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में गणतंत्र दिवस 26 जनवरी की संध्या पर मल्हार स्मृति मंदिर देवास में ‘’भारत पर्व’’ का आयोजन किया गया। ‘’भारत पर्व’’ कार्यक्रम में लोक गायक श्री अनुराग त्रिपाठी द्वारा देश भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई तथा सुश्री लवीना तिवारी द्वारा देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुति एवं कथक नृत्य की प्रस्तुति दी गई। भारत पर्व के अवसर पर देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हुए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गई। कलाकारों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत नृत्य, संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोकतंत्र, संविधान और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लीला अटारिया, नगर निगम आयुक्त श्री दलीप कुमार, अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन, एसडीएम श्री अभिषेक शर्मा, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री श्याम सुंदर सिंह, जिला परियोजना अधिकारी सुश्री स्मिता रावल, तहसीलदार शहरी श्रीमती सपना शर्मा, तहसीलदार ग्रामीण श्रीमती पूजा भाटी सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी एवं नागरिकगण उपस्थित थे।
जनसम्पर्क विभाग ने शासन की विभिन्न योजनाओं पर केन्द्रीत प्रदर्शनी लगाई
‘’भारत पर्व’’ कार्यक्रम के दौरान मल्हार स्मृति मंदिर देवास में जनसम्पर्क विभाग द्वारा शासन की विभिन्न योजनाओं पर केन्द्रीत प्रदर्शनी भी लगाई गई। नगर निगम आयुक्त श्री दलीप कुमार, अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन एसडीएम श्री अभिषेक शर्मा ने शासन की विभिन्न योजनाओं पर केन्द्रीत प्रदर्शनी का अवलोकन किया। जिले के नागरिकों ने प्रदर्शनी के माध्यम से योजनाओं की जानकारी ली। प्रदर्शनी में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं संबंधित जानकारी को आकर्षक एवं जन-सुलभ रूप में प्रस्तुत किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य आम नागरिकों को शासन की योजनाओं से अवगत कराना था।

0 Comments