पूज्य सिंध हिंदू पंचायत ने मनाया अमर शहीद हेमू कालानी का बलिदान दिवस
देवास। उज्जैन रोड एमआर 8 पर स्थापित अमर शहीद हेमू कालानी की प्रतिमा पर पूज्य सिंध हिन्दू पंचायत द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय गीतों के माध्यम से वीर शहीद हेमू कालानी की शहादत को भावपूर्ण स्मरण किया गया। उपस्थित जनसमूह ने उनके अदम्य साहस और देशभक्ति को नमन करते हुए उनके बलिदान को प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम में बताया गया कि अंग्रेजी हुकूमत के सामने कभी घुटने न टेकने वाले सिंध के वीर सपूत हेमू कालानी ने हंसते हंसते अपने गले में फांसी का फंदा स्वीकार कर मातृभूमि के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके बलिदान दिवस के अवसर पर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए और उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर पूज्य सिंध हिन्दू पंचायत के अध्यक्ष अनिल पंजवानी, सचिव अशोक पेशवानी, समाज के वरिष्ठ मनोज राजानी सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं युवा साथी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने भारत माता की जय और शहीद हेमू कालानी अमर रहे के गगनभेदी नारों के साथ उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में देशभक्ति का वातावरण बना रहा और उपस्थित नागरिकों ने शहीदों के बलिदान को सदैव स्मरण रखने की बात कही। उक्त जानकारी खूबचंद मनवानी ने दी।

0 Comments