शहीद भगत सिंह मल्टी की पानी टंकी पार्षद अकोदिया ने निगम के सहयोग से कराई साफ,,
देवास। शहर के वार्ड क्रमांक 43 बालगढ़ क्षेत्र में पार्षद राजा अकोदिया द्वारा नगर निगम के सहयोग से शहीद भगत सिंह मल्टी स्थित पानी की टंकी की व्यापक सफाई करवाई गई। हाल ही में इंदौर में दूषित पानी के सेवन से कई लोगों की जान जाने की दुखद घटना को देखते हुए, वार्डवासियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया। महापौर, सभापति एवं नगर निगम आयुक्त के निर्देशानुसार वार्ड में पेयजल व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखने के लिए पानी की टंकियों की नियमित सफाई एवं स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शहीद भगत सिंह मल्टी की पानी टंकी की गहन सफाई करवाई गई, ताकि वार्डवासियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके।
पानी की टंकी की सफाई होने के बाद वार्ड के लोगों ने पार्षद राजा अकोदिया की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जनहितकारी कार्यों से क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाव संभव है। वार्डवासियों ने यह भी मांग की कि स्वच्छता एवं पानी की टंकियों की सफाई का यह अभियान निरंतर जारी रखा जाए। पार्षद राजा अकोदिया ने कहा कि वार्ड के प्रत्येक नागरिक का स्वास्थ्य और सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है और भविष्य में भी नगर निगम के सहयोग से स्वच्छता एवं पेयजल से जुड़े कार्य लगातार किए जाते रहेंगे।

0 Comments