देवास 25 जनवरी 2026 जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री साबिर अहमद सिद्दीकी ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में जागरूकता एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को उनके स्वास्थ्य, शिक्षा और अधिकारों के प्रति सशक्त बनाना रहा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री साबिर अहमद सिद्दीकी ने उपस्थित बालिकाओं को संबोधित करते हुए आह्वान किया कि वे किशोरावस्था में शारीरिक परिवर्तनों को समझें और बेहतर पोषण पर ध्यान दें। उन्होंने एनीमिया (खून की कमी) को दूर करने हेतु विभाग द्वारा दी जा रही आयरन की गोलियों (Tablets) का नियमित सेवन करने की सलाह दी, ताकि वे स्वस्थ और ऊर्जावान बनी रहें। उपस्थित जनों को बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही सभी ने सामूहिक हस्ताक्षर कर इस सामाजिक बुराई को जड़ से मिटाने का संकल्प लिया।
परियोजना अधिकारी श्रीमती समीक्षा जैन एवं श्री मोहनलाल अहिरवार ने विभागीय योजनाओं और पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। सांस्कृतिक व शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को पुरस्कृत किया गया तथा पात्र बालिकाओं को लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्राचार्य श्री राजू सारस्वत ने बालिकाओं से अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारियों को आत्मसात कर अपने दैनिक जीवन में उतारने की अपील की। वन स्टॉप सेंटर प्रशासक श्रीमती गीता ठाकुर ने आपातकालीन चिकित्सा, विधिक सहायता और 181 हेल्पलाइन के बारे में जागरूक किया।कार्यक्रम का संचालन श्रीमती वंदना खरे द्वारा किया गया। आभार प्रदर्शन डॉ एकता जायसवाल द्वारा माना गया। इस अवसर पर विभागीय अमला, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

0 Comments