विंध्य पब्लिक स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी एवं बाल मेले का आयोजन
देवास: विंध्य पब्लिक स्कूल, शिव शक्ति नगर, देवास में 25 वें वार्षिक उत्सव के अंतर्गत विज्ञान प्रदर्शनी एवं बाल मेला का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा रेन वाटर हार्वेस्टिंग, हृदय एवं फेफड़ों की कार्यप्रणाली, ग्रीन हाउस इफेक्ट, वर्टिकल फार्मिंग जैसे अनेक कार्यशील (वर्किंग) मॉडलों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने अत्यंत सराहा। साथ ही आयोजित बाल मेला में विद्यार्थियों ने विभिन्न भारतीय व्यंजनों की आकर्षक दुकानों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता, कौशल एवं उद्यमशीलता का परिचय दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री कृष्ण कुमार मिश्रा प्राचार्य ना वि म क्रमांक एवं श्री आशुतोष जोशी पार्षद, वार्ड क्रमांक 10 उपस्थित रहे।
विशेष अतिथि के रूप में श्री आर.पी. मिश्रा प्राचार्य, कैम्ब्रिज स्कूल, श्री राजेश तिवारी समाजसेवी एवं श्री सुरेन्द्र चतुर्वेदी मीडिया प्रभारी, भाजपा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती संतोष सिसोदिया एवं विद्यालय प्रबंधक श्री तरुण मिश्रा ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात विद्यालय के डायरेक्टर श्री अरुण कुमार मिश्रा ने अतिथियों का अभिनंदन करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विज्ञान प्रदर्शनी प्रभारी श्रीमती दिव्या पांचाल ने अपने संबोधन में सभी विद्यार्थियों को इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

0 Comments