कन्या महाविद्यालय में छात्राओं को सायबर फ्राड से बचने के तरीके बताए
छात्राओं ने नुक्कड नाटक के माध्यम से दिया संदेशदेवास। महारानी पुष्पमाला राजे पवार शासकीय कन्या महाविद्यालय देवास में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा ग्राम बांगर में प्राचार्य डॉ जी डी सोनी के मार्गदर्शन में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिवस का आयोजन उत्साह पूर्वक संपन्न हुआ। प्रथम सत्र के अंतर्गत आयोजित बौद्धिक सत्र का शुभारंभ मुख्य अतिथि साइबर सेल देवास से प्रधान आरक्षक शिवप्रताप सिंह सेंगर एवं अमलतास हॉस्पिटल के मनोचिकित्सक डॉक्टर मौसिम खान द्वारा माता सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर द्वीप प्रज्वलन से शुभारंभ किया गया। शिवप्रताप सिंह सेंगर ने विद्यालय एवं महाविद्यालय की छात्राओं को साइबर सिक्योरिटी, डिजिटल लिटरेसी एवं नवीनतम साइबर ठगी के तरीकों एवं इनसे बचाव की जानकारी दी साथ ही छात्रों को इंटरनेट मीडिया सुरक्षा, ऑनलाइन ठगी, फर्जी जॉब या लोन ऑफर, डिजिटल पेमेंट से जुड़े जोखिम एवं बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी एवं डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रेरित किया। डॉक्टर मौसिम खान ने बताया कि मानसिक तनाव बच्चों से लेकर बड़ों तक प्रत्येक लेवल पर पाया जाता है। इसीलिए शारीरिक स्वास्थ्य के साथ ही मानसिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान दिया जाना आवश्यक है। मानसिक स्वास्थ्य समस्या होने पर घबराएं नहीं बल्कि अपने मित्र या गुरु से बातचीत कर हमेशा सकारात्मक सोच रखें।
विशेष शिविर के छठवें दिन अमलतास हॉस्पिटल की टीम के सहयोग से ग्राम वासियों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें ग्राम वासियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयां वितरित की गई साथ ही महाविद्यालय की टीम प्रो अंकित सक्सेना छात्रा तनिष्का एवं अलीशा खान द्वारा ग्राम वासियों के आभा आईडी कार्ड बनाए गए। इसके पश्चात महाविद्यालय की स्वयंसेवक छात्राओं द्वारा ग्राम में सामाजिक कुरीतियों एवं सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरुक करते हुए नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन किया जिसका उद्देश्य समाज में व्याप्त बुराइयां कन्या भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा एवं नशाखोरी आदि समस्याओं से अवगत कर दुष्प्रभाव से अवगत कराना था। इस अवसर पर महाविद्यालय की कार्यक्रम अधिकारी डॉ क्रांतदर्शी सिंदल, डॉ अनीता भाना, डॉ वर्षा जायसवाल आदि उपस्थित रहे।

0 Comments