सिटी कॉन्वेंट स्कूल मे निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन हुआ
देवास: सोमवार को सिटी कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में शंकरा आई सेंटर के सहयोग से निःशुल्क नेत्र स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समय रहते आँखों से जुड़ी समस्याओं की पहचान करना था। इस शिविर में नर्सरी से कक्षा 9वीं तक के विद्यार्थियों का नेत्र परीक्षण किया गया। योग्य एवं अनुभवी नेत्र विशेषज्ञों द्वारा आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की सहायता से विद्यार्थियों की आँखों की जाँच की गई। जाँच के दौरान विद्यार्थियों को आँखों की देखभाल, संतुलित आहार, मोबाइल व स्क्रीन के सीमित उपयोग तथा नियमित नेत्र परीक्षण के महत्व के बारे में आवश्यक जानकारी दी गई। शिविर में 600 से अधिक विद्यार्थियों का सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया। जिन विद्यार्थियों में दृष्टि संबंधी समस्याएँ पाई गईं, उन्हें आवश्यक चश्मे विद्यालय की ओर से उपलब्ध कराए जाएंगे। विद्यालय की प्राचार्या प्रतिभा जैन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य विद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं उपप्राचार्या श्यालजा पिल्लै ने शंकरा आई सेंटर की टीम का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की बात कही। यह शिविर विद्यालय की ओर से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सराहनीय प्रयास रहा।

0 Comments