टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (टीईटी) मुद्दे पर शासकीय शिक्षक संगठन ने सौंपा ज्ञापन, आदेश वापस लेने की मांग
देवास। शासकीय शिक्षक संगठन, जिला देवास ने प्रांतीय आव्हान पर कलेक्ट्रेट में जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री मप्र शासन, भोपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन जिलाध्यक्ष धर्मवीर सिंह नरवरिया ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी आदेश को शिक्षक विरोधी बताते हुए उसे तत्काल वापस लेने और टीईटी मामले में पुनर्विचार याचिका दायर करने की मांग की गई। ज्ञापन में बताया कि लोक शिक्षण संचालनालय, गौतम नगर भोपाल द्वारा 2 मार्च 2026 को जारी आदेश में टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (टीईटी) को लेकर निर्देश दिए गए हैं। संगठन का कहना है कि यह आदेश जारी करने से पहले राज्य सरकार, मंत्रिमंडल एवं सचिवालय स्तर पर आवश्यक विचार-विमर्श और अनुमोदन नहीं लिया गया, जो शासन प्रक्रिया के अनुरूप आवश्यक है। राज्य शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष पुरुषोत्तम सिंह सिसोदिया ने कहा कि टीईटी से संबंधित मामला राष्ट्रीय शिक्षक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) और एक अशासकीय शिक्षण संस्था के बीच है, ऐसे में इस आदेश में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के बाद एनसीटीई द्वारा मप्र के लोक शिक्षण संचालनालय को क्या निर्देश दिए गए हैं। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि प्रदेश के अधिकांश शिक्षक पहले शिक्षाकर्मी और संविदा शिक्षक के रूप में नियुक्त हुए थे और सेवा निरंतरता के साथ वर्तमान पदों पर आए हैं। शिक्षाकर्मी भर्ती अधिनियम 1998, अध्यापक भर्ती अधिनियम 2008 और राज्य शिक्षा सेवा संवर्ग नियम 2018 में टीईटी को अनिवार्य सेवा शर्त के रूप में शामिल नहीं किया गया है। संगठन ने कहा कि इस आदेश से प्रदेश के करीब डेढ़ लाख शिक्षकों में असंतोष और चिंता की स्थिति बन गई है। इसलिए सरकार से मांग की गई है कि सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया में टीईटी संबंधी मामले में मप्र सरकार की ओर से पुनर्विचार याचिका (रिव्यू पिटीशन) दायर की जाए तथा संचालक लोक शिक्षण द्वारा जारी आदेश को तत्काल वापस लिया जाए। ज्ञापन के दौरान संविदा शिक्षक संगठन जिलाध्यक्ष शाबिर शेख, मप्र राज्य कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र जोशी, हजारीलाल चौहान, सुदामा श्रीवास, दुर्गेश जाजू, ज्योति वाडेकर, अभिता जॉन, मुरलीधर सेम, शारिक शाकीर अली, मयंक दुबे, चेतना चौबे, सुनीता सिलोदिया, महेश राठौड, सहज सरकार, जितेन्द्र मालवीय, दशरथ सेंधव, राकेश चौहान, मोहनलाल पटेल सहित बडी संख्या में जिलेभर के शिक्षक शामिल हुए।

0 Comments