सड़क सुरक्षा को लेकर देवास पुलिस सख्त — बस चालकों की ब्रीथ एनालाइज़र से सतत जांच, अव्यवस्थित वाहनों पर कार्यवाही जारी
देवास: पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद के निर्देशन में जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने तथा दुर्घटनाओं में होने वाली जन-धन हानि को रोकने के उद्देश्य से देवास पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में देवास बस स्टैंड से इंदौर, उज्जैन, भोपाल एवं मक्सी-शाजापुर मार्गों पर संचालित बसों के चालकों की नियमित रूप से ब्रीथ एनालाइज़र के माध्यम से जांच की जा रही है। साथ ही बस चालकों को निर्धारित वर्दी पहनने एवं यातायात नियमों का पालन करने हेतु सख्त हिदायत एवं समझाइश दी जा रही है। इन सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप तेज गति से संचालित बसों की रफ्तार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है, जिससे सड़क सुरक्षा में सकारात्मक सुधार देखने को मिला है। इसके अतिरिक्त ए.बी. रोड पर अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध क्रेन के माध्यम से हटाने की कार्यवाही की जा रही है, जिससे यातायात सुगम एवं सुरक्षित बनाया जा सके।
देवास पुलिस द्वारा आमजन को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुचारू यातायात उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
अपील :
देवास पुलिस समस्त नागरिकों से अपील करती है कि यातायात नियमों का पालन करें, वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं एवं स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी तथा वर्ष 2026 में इस प्रकार की कार्यवाही को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाया जाएगा।

0 Comments