मुख्य मार्गों एवं चौराहों से हटाया अस्थाई अतिक्रमण,,,
व्यवसायियों को निर्धारित स्थान पर व्यवसाय करने के निर्देशदेवास। मुख्य मार्गों पर हाथ ठेला, सब्जी विक्रेता, फ्रूट विक्रेता, मनिहारी, जूते-चप्पल विक्रेता, चाट ठेला एवं नाश्ता पॉइंट के व्यवसायियों द्वारा अस्थाई अतिक्रमण कर व्यवसाय किया जा रहा था। इसके कारण मुख्य मार्गों पर आवागमन बाधित होने के साथ दुर्घटना की संभावना बनी रहती थी। साथ ही इन प्रतिष्ठानों द्वारा खुले में कचरा भी फैलाया जाता था। आयुक्त दलीप कुमार के निर्देशन में निगम रिमूवल टीम प्रभारी हेमंत उबनारे द्वारा स्वच्छता निरीक्षक हरेंद्रसिंह ठाकुर, वार्ड दरोगा कैलाश सोलंकी, अबरार पठान के साथ टीम द्वारा अस्थाई अतिक्रमण हटाया गया। व्यवसायियों को सख्त निर्देश देते हुए फुटकर व्यवसाय के लिए निगम द्वारा निर्धारित स्थान गंगानगर स्थित शारदा माता मंदिर के पीछे निगम की भूमि पर व्यवसाय करने को कहा गया।
पान की गुमटियों पर कार्रवाई
मुख्य मार्गों एवं चौराहों पर लगी पान की दुकानों द्वारा पान पीक से सड़कों पर रेड स्पॉट बन रहे हैं, जो स्वच्छता गाइडलाइन का उल्लंघन है। स्वच्छता सर्वेक्षण को दृष्टिगत रखते हुए अस्थाई गुमटियों को भी हटाया गया। व्यवसायियों को सख्त हिदायत दी गई कि पुन अस्थाई अतिक्रमण किए जाने पर निगम द्वारा चालानी कार्रवाई के साथ सामग्री भी जप्त की जाएगी।

0 Comments