फटाका फैक्ट्री में हुए विस्फोट से मृत श्रमिकों को 30 लाख और घायलों को 10 लाख मुआवजा देने की मांग
देवास। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, देवास ने ग्राम टोंककला, तहसील टोंकखुर्द, जिला देवास स्थित फटाका फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृत सभी श्रमिकों के परिजनों को 30 लाख रुपये तथा घायलों को 10 लाख रुपये की सहायता राशि तत्काल प्रदान करने की मांग की है। कॉमरेड कैलाश सिंह राजपूत ने बताया कि गुरुवार दोपहर लगभग 11 बजे हुए भीषण बारूदी विस्फोट में अनेक श्रमिक घटना स्थल पर ही जिंदा जल गए। वहीं सैकड़ों श्रमिकों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने मृतकों के परिवारों के प्रति गहन शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में देश, प्रदेश एवं देवास के सभी साथी पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। पार्टी ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि मृतकों के शवों को उनके घर तक सरकारी खर्च पर तत्काल पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। साथ ही घटना की तत्काल न्यायिक जांच करवाई जाए एवं दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। पार्टी के समस्त पदाधिकारियो उक्त घटना में मृत दिवंगतों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है। पार्टी ने सभी फटाका फैक्ट्रियों को बंद करवाने की मांग करते हुए कहा कि इससे भविष्य में गरीब श्रमिकों को अपनी जान नहीं गंवानी पड़ेगी।

0 Comments