खुशियों की दास्तां
प्रधानमंत्री आवास योजना से श्रीमती लक्ष्मीबाई का कच्चा मकान बन गया पक्का
------------
शासन की महत्ती योजना का लाभ मिलने पर हितग्राही श्रीमती लक्ष्मीबाई प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. यादव को दे रही हैं धन्यवाद
देवास, 21 मई 2026 [शकील कादरी] प्रधानमंत्री आवास योजना से पात्र हितग्राहियों के कच्चे मकान पक्के बन रहे हैं। इस योजना का लाभ मिलने से जहां उनके पक्के मकान का सपना पूरा हो रहा है, वहीं दूसरी वे अपने घरों में सकून से सो रहे हैं। शासन की इस महत्ती योजना का लाभ देवास जिले के ग्राम सकतली विकासखंड सोनकच्छ की श्रीमती लक्ष्मीबाई पति हीरालाल को भी मिला हैं, जिन्होंने इस योजना का लाभ लेकर अपने कच्चे मकान को पक्के मकान में परिवर्तित किया है।
हितग्राही श्रीमती लक्ष्मीबाई ने बताया कि उनके पति हीरालाल अपने परिवार का जीवन यापन एवं भरण-पोषण मिस्त्री का कार्य करते हैं। वे भी अपने पति के साथ दूसरों के घर बनाने में मजदूरी का कार्य करती है। उनका परिवार आर्थिक रूप से बहुत ही कमजोर था परिवार से अलग होने के बाद, वे अपने पति के साथ कच्चे घर में निवास करती थी। बारिश के समय उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बारिश के समय घर में पानी टपकने से बिस्तर कपड़े भी भीग जाते थे। कम कमाई में पक्के मकान का सपना सिर्फ सपना ही बना रहता था। इस कमाई से पक्का घर बनाना असंभव लगता था। इसी बीच ग्राम पंचायत द्वारा उनका नाम कुटी की सूची में जोड़ा गया और नाम जोड़ने के बाद उन्हें इस वर्ष 2024-25 में कुटी का लाभ मिला। प्रधानमंत्री आवास योजना से मिली राशि और खुद के बचाए पैसे से उन्होंने पक्का आवास स्वयं के हाथों से बनाया।
वे बताती हैं कि मनरेगा मजदूरी की राशि से उन्होंने पति के साथ मजदूरी का कार्य किया है। उनके पति स्वयं मिस्त्री होने से मिस्त्री को देने वाले रूपये बचा कर अपने पक्के् आवास में लगाए जिससे की उनका आवास और अधिक सुंदर एवं सर्वसुविधा युक्त बना है। आवास में सरकारी योजना से शौचालय, बिजली कनेक्शन, नल-जल, उज्ज्वला गैस योजना का भी लाभ मिला है। सर्व सुविधा युक्त पक्का घर बनने से समाज में उनकी इज्ज़त बढ़ी है। हमारे स्वास्थ्य और आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। इसके लिए वे तथा उनका परिवार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को हृदय से आभार व्यक्त कर रहे हैं।

0 Comments