भक्ति और उल्लास के साथ सम्पन्न हुई सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा,,
देवास। नगर के बिंजाना में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान गंगा सप्ताह का शुक्रवार को भक्तिमय वातावरण में भव्य पूर्णाहुति के साथ समापन हुआ। कथा के अंतिम दिवस श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई तथा भगवान श्रीकृष्ण और माता रुक्मणी के दिव्य विवाह उत्सव का आयोजन धूमधाम से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कथा आयोजन अटल अखाड़ा उज्जैन के पीठाधिपति महंत श्री सेवानंद गिरी जी महाराज के सान्निध्य एवं महंत श्री अमरगिरी नागा बाबा के आशीर्वाद में सम्पन्न हुआ। कथा का वाचन कथावाचिका साध्वी हरिप्रिया नंदगिरी द्वारा किया गया। उन्होंने सात दिनों तक श्रीमद् भागवत कथा के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और संस्कारों का संदेश दिया। श्रीजी बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ सेवा समिति अध्यक्ष दिव्या परमार ने बताया कि पूर्णाहुति अवसर पर ग्राम बिंजाना की गलियां भक्तिमय नारों और भजनों से गुंजायमान हो उठीं। शोभायात्रा में सजे-धजे रथों पर भगवान श्रीकृष्ण एवं रुक्मणी की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया तथा भक्ति गीतों पर महिलाएं एवं युवा झूमते नजर आए। आयोजन के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण हेतु पहुंचे। कथा का सीधा प्रसारण यूट्यूब पर भी किया गया, जिससे दूरस्थ श्रद्धालुओं ने भी धर्मलाभ प्राप्त किया। आयोजनकर्ता दिलीप अग्रवाल ने सभी श्रद्धालुओं एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों से समाज में संस्कार, एकता और आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में ग्राम बिंजाना के समस्त ग्रामवासियों सहित एवं अनेक धर्मप्रेमियों का विशेष सहयोग रहा। आयोजन के समापन पर महाप्रसादी का वितरण भी किया गया। उक्त जानकारी समिति सचिव घनश्याम मोदी ने दी।

0 Comments