42 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा के बाद सहायक शिक्षक मोहनलाल गरोड़ा का भावभीना सम्मान, सेवानिवृत्ति समारोह आयोजित
देवास। शासकीय प्राथमिक विद्यालय ग्राम सिलाखेड़ी, जिला देवास में सहायक शिक्षक एवं पूर्व प्रधान अध्यापक मोहन लाल गरोड़ा के सेवा निवृत्त होने पर सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। मप्र जन अभियान परिषद ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति सचिव लाखन सिसोदिया ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या की देवी मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। समारोह में समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, ग्राम पंचायत उपड़ी के सरपंच एवं जनप्रतिनिधियों, मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के पदाधिकारियों, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में वक्ताओं ने मोहन लाल गरोड़ा के 42 वर्षों के उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान को याद करते हुए बताया कि उन्होंने अपने सेवाकाल के 24 वर्षों तक शासकीय प्राथमिक विद्यालय सिलाखेड़ी में प्रधान अध्यापक के रूप में कार्य करते हुए विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। अपने सरल स्वभाव, अनुशासित आचरण, ईमानदारी एवं कर्मठता से उन्होंने विद्यार्थियों को न केवल शिक्षा प्रदान की, बल्कि जीवन मूल्यों का भी पाठ पढ़ाया। समारोह में शासकीय विद्यालय लोहाना, बगाना, टुमनी, आगरोद, उज्जैन, अकालिया, लसुड़िया सोढ़ा सहित अन्य विद्यालयों से पधारे शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी श्री गरोड़ा के कार्यों की सराहना की। उपस्थित अतिथियों द्वारा उन्हें पुष्पमाला, श्रीफल, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत उपड़ी के सरपंच दिनेश राठौड़, पंचायत सचिव एवं पंचायत के अन्य सदस्यों के साथ-साथ शासकीय प्राथमिक विद्यालय सिलाखेड़ी की प्रधान अध्यापक माया वर्मा ने भी श्री गरोड़ा को सम्मानित करते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष, सचिव, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष एवं समस्त सदस्यों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं तथा ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। समारोह के अंत में सरपंच दिनेश राठौड़ एवं प्रधान अध्यापक श्रीमती माया वर्मा ने उपस्थित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, ग्रामवासियों, समिति सदस्यों, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए सभी को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

0 Comments