नशामुक्त भारत अभियान अंतर्गत जिला स्तरीय मास्टर वालंटियर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन हुआ,,
जिला पंचायत सीईओ श्रीमती ज्योति शर्मा ने नशा मुक्ति एवं सामाजिक नैतिकता जैसे विषयों पर दी विस्तृत जानकारी
देवास 29 जून 2026/ नशामुक्त भारत अभियान अंतर्गत सामाजिक न्याय एवं दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग द्वारा वाल्मी संस्था के माध्यम से जिला स्तरीय मास्टर वालंटियर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन जिला पंचायत सभाकक्ष में किया गया। प्रशिक्षण का शुभारम्भ कर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती ज्योति शर्मा ने विभिन्न विभागों एवं स्वंसेवी संस्थाओं के मास्टर वॉलंटियर्स को नशामुक्त भारत अभियान में सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नशा मुक्ति एवं सामाजिक नैतिकता जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण में उप संचालक समाजिक न्याय विभाग देवास श्रीमती संगीता यादव द्वारा मास्टर वॉलंटियर्स को कार्यक्रम की रुप रेखा के बारे में बताया गया। राज्य स्तरीय प्रशिक्षक श्री रजत नागदा, श्री जय कुमार गुप्ता, श्री जितेन्द्र यादव, डॉ. धर्मेंद्र प्रजापति, श्रीमती नीलम सोनी द्वारा नशामुक्ति से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में उपस्थित अधिकारियों एवं विभिन्न क्षेत्रों के विषय-विशेषज्ञों द्वारा मास्टर वालंटियर्स को नशे की रोकथाम, सघन प्रचार-प्रसार और सामाजिक चेतना जागृत करने के लिए विस्तृत प्रशिक्षण व मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में ब्रम्ह्कुमारी देवास की बी.के. दीदी द्वारा आध्यात्मिक, नैतिक और सामाजिक मूल्यों के माध्यम से नशामुक्ति की अलख जगाने का संकल्प दिलाया गया। साथ ही एल्कोहॉलिक एनोनिमस संस्थां के प्रतिनिधियों द्वारा समुह प्रेरणा से नशा छोडने के बारे में बताया गया। सत्र के अंतिम चरण में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी 119 से अधिक मास्टर वॉलंटियर्स को प्रमाण-पत्र प्रदाय किए गए। यह प्रशिक्षित टीम अब देवास जिले के प्रत्येक शहरी और ग्रामीण अंचल में जाकर मास्टर वॉलंटियर्स के रूप में कार्य करेगें।

0 Comments