कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में जिला परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित,,
बैंक अनावश्यक रूप से आवेदन निरस्त न करें, पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ देना सुनिश्चित करें - कलेक्टर श्री ऋतुराज सिह
देवास 29 जून 2026/ कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में जिला परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री दलीप कुमार, एलडीएम श्री प्रकाश केवलरमानी, सहायक महाप्रबंधक आरबीआई सुश्री पूर्वी श्रीवास्तव, मुख्य प्रबंधक अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय देवास श्री अजय अडसर, डीडीएम नाबार्ड श्री ओजस्वी दीक्षित, सहित स्व रोजगार योजनाओं संबंधी विभागों के जिला अधिकारीगण एवं बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने पीएम स्वनिधि योजना के तहत बैंकों द्वारा बड़ी संख्या में आवेदनों को निरस्त किए जाने पर गंभीर नाराजगी व्यक्त की। कलेक्टर श्री सिंह ने बैंकों को निर्देश दिए कि पीएम स्वनिधि योजना के तहत पूर्व में निरस्त किए गए आवेदनों को पुनः ओपन किया जाए। आवेदनों में जो भी दस्तावेज संबंधी कमियां हैं, उन्हें समन्वय कर पूर्ण कराया जाए। किसी भी पात्र हितग्राही का आवेदन बिना किसी ठोस और वैध कारण के निरस्त नहीं किया जाएगा। ऐसा होने पर जवाबदेही तय की जाएगी।
कलेक्टर श्री सिंह ने एलडीएम को निर्देश दिए कि पीएम स्वनिधि योजना के तहत अब तक निरस्त किए गए सभी प्रकरणों की बैंकवार विस्तृत जानकारी तुरंत उपलब्ध कराई जाए। जिले की सभी बैंक शाखाएं हर शुक्रवार को पीएम स्वनिधि योजना के लिए विशेष समय निर्धारित कर कार्य करें, ताकि अधिकतम पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा सके। कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने अधिकारियों और बैंकर्स को निर्देश दिये कि जनहित की योजनाओं में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार की मंशा हर जरूरतमंद को आत्मनिर्भर बनाने की है, बैंक सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाकर पात्र लोगों को ऋण वितरित करें।
कलेक्टर श्री सिंह ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत नामांकन एवं क्लेम भुगतान की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि फसल बीमा से संबंधित सभी लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण किया जाए, ताकि किसानों को समय पर राहत मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री श्रम मानधन योजना के तहत जिले के अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों व असंगठित क्षेत्र के नागरिकों को जोड़ने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने विभिन्न विभागों द्वारा चलाई जा रही ऋण वितरण योजनाओं की समीक्षा कर वित्तीय वर्ष के लक्ष्य को प्राप्त करने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने स्व रोजगार योजनाओं में स्वीकृत और लम्बित प्रकरणों की समीक्षा कर सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिये।
कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने शासन द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाओं मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, मुख्यमंत्री टंट्या मामा योजना, भगवान बिरसा मुंडा योजना, संत रविदास स्व रोजगार योजना, डॉ भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना, मुख्यमंत्री विमुक्त, घुमंतू एवं अर्धघुमंतु स्वरोजगार योजना, पीएमएफएमई, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, पशु एवं मत्स्य पालन केसीसी, डॉ भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना की बिंदुवार समीक्षा कर विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे बैंकर्स के साथ निरंतर समन्वय बनाकर बैंकों में लंबित ऋण प्रकरणों को जल्द से जल्द स्वीकृत और वितरित कराएं।
बैठक के दौरान आरसेटी के अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई कि जिले में युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए इस वर्ष कुल 33 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें से अब तक 07 प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरे किए जा चुके हैं। जिसपर कलेक्टर श्री सिंह ने शेष बचे प्रशिक्षणों को भी जल्द और गुणवत्तापूर्ण तरीके से आयोजित करने के निर्देश दिए।

0 Comments