देवास,: सेंट्रल मालवा परिसर, भोपाल रोड स्थित परिसर में शुक्रवार को देवास जिला रोलर स्केटिंग एसोसिएशन एवं देवास जिला रोलबॉल एसोसिएशन की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों संघों के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और प्रशिक्षकों ने भाग लेकर खेलों के विकास, संगठनात्मक मजबूती और खिलाड़ियों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष अनवर खान ने की। उन्होंने खेलों के बेहतर संचालन, खिलाड़ियों को अधिक अवसर उपलब्ध कराने और संघ की गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने नेशनल स्पोर्ट्स गवर्निंग एक्ट-2025 के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि इस अधिनियम का उद्देश्य खेल संघों में पारदर्शिता, जवाबदेही और बेहतर प्रशासन सुनिश्चित करना है। साथ ही अधिनियम के तहत खेल संघों की कार्यप्रणाली, नियमों और दायित्वों की भी जानकारी दी गई।
बैठक में रोलर स्केटिंग एवं रोलबॉल खेलों के नियमों, प्रशिक्षण व्यवस्था और आगामी प्रतियोगिताओं व कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। प्रशिक्षकों ने खेलों के प्रचार-प्रसार, नई प्रतिभाओं को आगे लाने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अपने सुझाव रखे। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और सदस्यों ने जिले में रोलर स्केटिंग एवं रोलबॉल खेलों के समग्र विकास तथा खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में सुनील कुमार मालवीय, तन्मय मेहता, सुमित शर्मा, उदय भावसार, शैलेन्द्र चंदवंशी, उर्वशी मंडलोई, दिशा सेन, हरिप्रिया यादव, हिमांशु शर्मा, जतिन लोट, सक्षम सिकरवार, शीतल चौधरी, माही मेहता, तनिष मोदी और तेजस ठाकुर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

0 Comments