देवास के नाड़ी वैद्य यज्ञेश चौधरी को नेपाल में मिला आयुष राइजिंग अवॉर्ड
देवास। नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित इंटरनेशनल आयुष कॉन्क्लेव 4.0 नेपाल एडिशन में मध्यप्रदेश के देवास निवासी युवा एवं उभरते आयुर्वेद विशेषज्ञ नाड़ी वैद्य यज्ञेश चौधरी, डायरेक्टर निरोग काया आयुर्वेद पंचकर्म केंद्र, को आयुष क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित आयुष राइजिंग अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन सिविक (काउंसिल फॉर इंटीग्रेटिव वैद्य इनोवेशन एंड कोलैबोरेशन, इंडिया) एवं नेपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स (एनसीसी नेपाल) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नेपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्री कमलेश अग्रवाल रहे, जबकि भारतीय दूतावास, नेपाल के प्रतिनिधि श्री सुमन शेखर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा लेजेंड्स वर्ल्ड रिकॉर्ड्स, दुबई (यूएई) के प्रतिनिधि कुलदीप चतुर्वेदी ने भी कार्यक्रम में विशेष सहभागिता निभाई। सम्मेलन में भारत के 25 से अधिक राज्यों के साथ-साथ नेपाल, मलेशिया, कनाडा, संयुक्त अरब अमीरात, बांग्लादेश और सिंगापुर से आए आयुष चिकित्सकों, शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों, स्वास्थ्य विशेषज्ञों, उद्यमियों एवं निर्माताओं सहित कुल 254 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण “मोस्ट आयुष डॉक्टर्स इन ए क्लिनिकल डायग्नोसिस सेशन” विषय पर आयोजित लेजेंड्स वर्ल्ड रिकॉर्ड्स अटेम्प्ट रहा। इस प्रयास को सफलतापूर्वक पूर्ण कर एक ऐतिहासिक विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया गया। इस उपलब्धि ने वैश्विक स्तर पर आयुष चिकित्सा पद्धति की क्षमता, प्रभावशीलता और बढ़ती स्वीकार्यता को नई पहचान दिलाई। सम्मेलन के दौरान आयुष क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विशेषज्ञों को आयुष लीजेंड अवॉर्ड, आयुष एक्सीलेंस अवॉर्ड एवं आयुष राइजिंग अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। वहीं उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले उद्यमियों और निर्माताओं को आयुष एंटरप्राइज अवॉर्ड प्रदान किया गया। उन्हें यह सम्मान नेपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष कमलेश अग्रवाल, सिविक के संस्थापक डॉ. एम. एम. कुरैशी तथा लेजेंड्स वर्ल्ड रिकॉर्ड्स, दुबई (यूएई) के प्रतिनिधि श्री कुलदीप चतुर्वेदी द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान किया। इस अवसर पर सिविक के संस्थापक डॉ. एम. एम. कुरैशी ने कहा कि इंटरनेशनल आयुष कॉन्क्लेव का उद्देश्य विश्वभर के आयुष विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों को एक साझा मंच पर लाकर ज्ञान, शोध, नवाचार और वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देना है।
भवदीय

0 Comments