नशे से दूरी है जरूरी 2.0: नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग प्रतियोगिताओं और शपथ के जरिए युवाओं को दिया गया नशामुक्त जीवन का संदेश
देवास- मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे महत्वाकांक्षी जन-जागरूकता अभियान "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" के अंतर्गत नशामुक्ति का सन्देश जन जन तक पंहुचाने के लिए जिले में विभिन्न रचनात्मक और प्रभावी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शासन द्वारा मान्यता प्राप्त अमलतास नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र की टीम के सक्रिय सहयोग से जिलेभर में विशेष जागरूकता अभियान संचालित किया गया। इसके तहत विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को नशे के घातक दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया गया, वहीं स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग, पेंटिंग, स्लोगन लेखन और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन कर युवा पीढ़ी को नशामुक्त जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया गया।
नुक्कड़ नाटक और जागरूकता आयोजनों की इस श्रृंखला में पूरी पुलिस टीम और सामाजिक न्याय विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने युवाओं का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें समाज को नशामुक्त बनाने में आगे आने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और उपस्थित नागरिकों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।
अमलतास समूह के चेयरमैन श्री मयंक राज सिंह भदौरिया जी द्वारा बताया गया की "नशा न केवल एक व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से खोखला करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज के भविष्य को भी अंधकार में डाल देता है। आज के युवाओं को इस सामाजिक बुराई से बचाना और उन्हें एक स्वस्थ व सकारात्मक दिशा देना हमारी पहली प्राथमिकता है। अमलतास संस्थान, पुलिस प्रशासन और सामाजिक न्याय विभाग के साथ मिलकर जिले को नशामुक्त बनाने के लिए पूर्णतः संकल्पबद्ध है। हम सभी को एकजुट होकर नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देना होगा।"

0 Comments