देवास के तीन पहलवानों का राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता हेतु चयन
देवास। मध्यप्रदेश एमेच्योर कुश्ती संघ द्वारा 28 जून 2026 को उज्जैन में आयोजित अंडर-23 सीनियर राज्य कुश्ती प्रतियोगिता में देवास जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है। प्रतियोगिता में देवास के सावेज शाह ने 77 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक, नमन चौहान ने 67 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक तथा अरमान शेख ने 92 किलोग्राम भार वर्ग में पदक अर्जित किया। तीनों खिलाड़ियों का चयन 10 से 12 जुलाई 2026 तक हरियाणा के रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एम.डी.यू.) में आयोजित राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए हुआ है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए रवाना होने से पूर्व जिला कुश्ती संघ, देवास द्वारा खिलाड़ियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर सुभाष शर्मा, खेल और युवा कल्याण विभाग से जावेद पठान कुश्ती संघ सचिव अर्जुन यादव शंकर पहलवान, अशोक गायकवाड, संजय पानसरे, बशीर शेख, शंभू पहलवान, नईम पहलवान सहित उपस्थित खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देवास एवं मध्यप्रदेश का नाम रोशन करने की कामना की। पूर्व महापौर सुभाष शर्मा ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि देवास के खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाएंगे।
0 Comments